1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. body of missing indore man found in gorge in Meghalaya

मेघालय में लापता हुए इंदौर के पर्यटक का शव खाई में मिला, पत्नी की तलाश जारी

मृतक के दाहिने हाथ पर 'राजा' लिखे टैटू के आधार पर हुई राजा रघुवंशी के शव की पहचान

Meghalaya
Indore tourist dies in Meghalaya : मेघालय में कुछ दिन पहले पत्नी के साथ लापता हुए इंदौर के 29 वर्षीय पर्यटक राजा रघुवंशी का शव सोमवार को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला। मृतक के रिश्तेदारों ने मृतक के दाहिने हाथ पर 'राजा' लिखे टैटू के आधार पर शव की पहचान राजा रघुवंशी के रूप में की। उनकी पत्नी सोनम की तलाश जारी है।
 
पूर्वी खासी हिल्स जिले एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस के एक ड्रोन ने वेइसाडोंग जलप्रपात पार्किंग स्थल के नीचे एक गहरी खाई में शव का पता लगाया। शाम को शव को मजिस्ट्रेट जांच के लिए ले जाया गया। जांच क्षेत्र के स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में की गई।
 
अधिकारी ने बताया कि मौके से एक महिला की सफेद शर्ट, दवाई, मोबाइल फोन की स्क्रीन का एक हिस्सा और एक स्मार्टवॉच भी बरामद हुआ है। शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए उत्तर पूर्वी इंदिरा गांधी क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया।
 
पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि बचाव दल राजा की पत्नी सोनम की तलाश जारी रखेंगे।
 
मध्यप्रदेश के इंदौर से आए पति-पत्नी 22 मई को किराए के स्कूटर पर मावलखियात गांव पहुंचे थे। उन्होंने अपना स्कूटर खड़ा किया और नोंग्रियाट गांव में प्रसिद्ध ‘लिविंग रूटब्रिज’ देखने गए, जहां वे रात भर ठहरे और अगली सुबह रवाना हो गए। राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को नोंग्रियाट गांव में स्थित अतिथि गृह से निकलने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गए थे। नोंग्रियाट गांव उस जगह से 20 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां उनका शव मिला।
 
पुलिस ने बताया कि 24 मई को उनका स्कूटर शिलांग से सोहरा जाने वाली सड़क के किनारे एक कैफे में लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और रविवार को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शुरुआती तलाशी अभियान की योजना बनाई गई।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
LIVE: देश में कोरोना के 3976 एक्टिव केसेस, अब तक 34 की मौत