हिंदू नववर्ष 2084: 7 अप्रैल 2027 से शुरू होगा 'रौद्र' संवत्सर, जानिए इस साल ग्रहों की कैबिनेट में किसे मिला कौन-सा पद और क्या है पूजन विधि
Hindu Nav Varsh 2084: भारतीय सनातन परंपरा के अनुसार, चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि गुड़ी पड़वा से हिंदू नववर्ष की शुरुआत होती है। पंचांग की गणना के अनुसार, अंग्रेजी कैलेंडर के वर्ष 2027 में विक्रम संवत 2084 का शुभारंभ 7 अप्रैल, बुधवार को होने जा रहा है। इस नए साल के साथ ही पंचांग भेद के अनुसार 'सिद्धार्थी' संवत्सर समाप्त होगा और नए 'रौद्र' संवत्सर की शुरुआत होगी।
नववर्ष 2084 और प्रतिपदा तिथि का शुभ मुहूर्त
नववर्ष प्रारंभ दिन: बुधवार, 7 अप्रैल 2027
प्रतिपदा तिथि आरंभ: 7 अप्रैल 2027 को सुबह 05:20 बजे से
प्रतिपदा तिथि समाप्त: 8 अप्रैल 2027 को सुबह 04:28 बजे तक
विक्रम संवत 2084 का मंत्रिमंडल: कौन राजा और कौन मंत्री?
ज्योतिष शास्त्र में हर नए संवत्सर के लिए ग्रहों का एक विशेष मंत्रिमंडल तय होता है, जो पूरे साल के मौसम, अर्थव्यवस्था, कृषि और सामाजिक स्थितियों पर प्रभाव डालता है। संवत 2084 में ग्रहों के प्रमुख पद इस प्रकार रहेंगे:
- राजा: बुध
- मंत्री: बुध
- सेनाधिपति: मंगल
- सस्याधिपति (फसलों के स्वामी): शनि
- धान्याधिपति: गुरु (बृहस्पति)
- धनाधिपति (वित्त मंत्री): शुक्र
- मेघाधिपति (वर्षा के स्वामी): मंगल
- रसाधिपति: सूर्य
- नीरसाधिपति: शुक्र
- फलाधिपति: मंगल
नूतन संवत्सर की सरल और पारंपरिक पूजन विधि
नववर्ष के पहले दिन को सकारात्मक ऊर्जा और मंगलकामनाओं के साथ शुरू करने के लिए इन पारंपरिक नियमों का पालन किया जाता है:
सजावट और मंगल स्नान: सुबह उठकर घर की साफ-सफाई करें और मुख्य द्वार को फूलों व आम के पत्तों के तोरण से सजाएं। इसके बाद जल में हल्दी और सुगंधित द्रव्य मिलाकर मंगल स्नान करें और नए वस्त्र धारण करें।
धर्मध्वज की स्थापना: अपनी कुल परंपरा के अनुसार घर की छत या आंगन में नया धर्मध्वज (पताका) लगाएं। इसके बाद देवी-देवताओं, गुरु, ब्राह्मण और धर्मध्वज की विधि-विधान से पूजा करें। परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर मंगल गीत गाएं।
पंचांग श्रवण का महत्व: इस दिन किसी विद्वान ज्योतिषाचार्य या ब्राह्मण का आदरपूर्वक स्वागत करें और उनके मुख से नए पंचांग के अनुसार वर्ष के राजा, मंत्री और राशिफल का श्रवण करें। पंचांग में विराजमान भगवान श्रीगणेश की पूजा करें।
नीम के विशेष चूर्ण का सेवन: स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सुबह नीम की कोमल पत्तियों और फूलों को लाएं। इसमें काली मिर्च, हींग, सेंधा नमक, अजवाइन, जीरा, शक्कर और थोड़ी इमली मिलाकर चूर्ण बनाएं और इसका सेवन करें। मान्यता है कि यह औषधि पूरे वर्ष मौसमी बीमारियों से शरीर की रक्षा करती है।
दान और जल सेवा: पूजा के बाद ब्राह्मणों और गुरुजनों को सात्विक भोजन व मिठाई कराकर दक्षिणा दें। जरूरतमंदों को यथाशक्ति दान दें और गर्मी के मौसम को देखते हुए राहगीरों के लिए जल की प्याऊ (प्रपा) लगवाएं या जल दान करें। पूरे दिन भजन, कथा और पारिवारिक मेलजोल के साथ उत्सव मनाएं।

