गुजरात में धुलेंडी पर मेडिकल इमरजेंसी के 3700 से ज्यादा मामले, सूरत और अहमदाबाद सबसे आगे
Gujarat Dhuleti Emergency Cases,
Gujarat Dhuleti Emergency Cases: गुजरात में धुलेंडी (धुलेटी) के त्योहार के दौरान इमरजेंसी मामलों में भारी उछाल देखने को मिला है। राज्यभर में बुधवार शाम तक कुल 3,796 इमरजेंसी केस दर्ज किए गए, जो सामान्य दिनों के औसत (3,266 केस) की तुलना में 530 अधिक हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि त्योहार के दिन मेडिकल इमरजेंसी में लगभग 16.22% की वृद्धि हुई है। सड़क दुर्घटनाएं, आपसी विवाद और अन्य चिकित्सा संबंधी आपात स्थितियों को इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण माना जा रहा है।
प्रमुख शहरों की बात करें तो, अहमदाबाद में सबसे अधिक 723 केस दर्ज किए गए। वहीं, सूरत में 455 केस दर्ज हुए हैं, जो वहां के सामान्य दिनों की तुलना में 50.93% का बड़ा उछाल दिखाते हैं। अन्य मुख्य शहरों में वडोदरा में 195 और राजकोट में 191 केस सामने आए हैं। प्रतिशत के आधार पर देखें तो अरवल्ली जिले में सबसे अधिक 63.39% की वृद्धि दर्ज की गई है, जो अन्य जिलों की तुलना में काफी ज्यादा है।
राज्य के विभिन्न जिलों में भी केसों की संख्या काफी अधिक रही, जिनमें दाहोद (139), वलसाड (135), कच्छ (134) और भावनगर में 110 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जूनागढ़, आणंद और सुरेंद्रनगर जैसे जिलों में सामान्य दिनों के मुकाबले मामलों में कमी देखी गई है। देवभूमि द्वारका और मोरबी जैसे इलाकों में भी स्थिति नियंत्रण में रही, जबकि बोटाद में राज्य के सबसे कम मात्र 23 केस दर्ज किए गए।
त्योहार के दौरान बढ़ते मामलों को देखते हुए पूरे राज्य में इमरजेंसी सेवाओं और 108 एम्बुलेंस तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया था। प्रशासन द्वारा नागरिकों से त्योहारों के दौरान सावधानी बरतने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है। फिलहाल सभी जिलों में चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह तैयार रखा गया है ताकि जरूरतमंदों को तत्काल उपचार मिल सके।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें