1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. मोदी फैक्टर
Written By वार्ता

देवी से जुड़े मोदी मंत्र पर रोक

मोदी मंत्र
वाराणसी। नवदुर्गा से जुडे मोदी मंत्र या मोदी सर्वभूतेषु राष्ट्ररुपेण संस्थिता पर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे श्लोक मुद्रित पोस्टरों पर रोक लगा दी है।
FILE

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने निर्देश दिया है कि ऐसे पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर नहीं दिखाई पड़ें। पोस्टर तैयार करने वाले भाजपा के साहित्य प्रकाशन प्रकोष्ठ के अशोक चौरसिया तथा मीना चौबे को इस बारे में कड़ी हिदायत दी गई है।

अब तक हर-हर मोदी नारे के चलते साधु-संतों समेत अन्य की आलोचना झेल रही भाजपा के आगे कुछ लोगों ने चाटुकारिता के चलते यह नई मुसीबत खडी कर दी है।

चैत्र नवरात्र को देखते हुए कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाल में देवी के इस मंत्र को मोदी से जोड़कर पोस्टर तैयार करवा दिया। इसकी जानकारी होते ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने पोस्टर तैयार करने वालों को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि मर्यादा नहीं लांघी जाए।

दूसरी ओर प्रदेश में सत्तारूढ़ सपा कार्यकर्ताओं ने इसे देवी-देवताओं का अपमान मानते हुए अस्सी घाट पर देवी दुर्गा की तस्वीर रखकर पूजा-अर्चना की। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मोदी के नाम पर मंत्रोच्चार करना देवी मंत्र का अपमान है। उनका कहना है कि राजनीति में धर्म को शामिल करना गलत है लेकिन भाजपा लगातार ऐसा कर रही है। (वार्ता)
लेखक के बारे में
वार्ता