बुधवार, 9 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. किसान आंदोलन
  4. Kisan Mahapanchayat in Karnal
Written By
Last Modified: मंगलवार, 7 सितम्बर 2021 (07:42 IST)

करनाल में आज किसान महापंचायत, सुरक्षा सख्‍त, 5 जिलों में इंटरनेट बंद

Kisan Mahapanchayat
करनाल। कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने आज हरियाणा के करनाल में किसान महापंचायत का आयोजन किया है। किसान महापंचायत को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। करनाल समेत 5 जिलों में आज इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।
 
जिला प्रशासन ने दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया। करनाल जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सोमवार दोपहर 12:30 बजे से लेकर मंगलवार मध्यरात्रि तक बंद रहेंगी। 
 
हरियाणा पुलिस ने लोगों को करनाल शहर की यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। पुलिस के अनसार, मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 (अंबाला-दिल्ली) पर मंगलवार को करनाल जिले में कुछ यातायात व्यवधान हो सकता है। पुलिस ने लोगों से 7 सितंबर को अपने गंतव्य तक जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
 
हरियाणा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि मंगलवार को करनाल में एक विशाल पंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद किसान लघु सचिवालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान मंगलवार सुबह करनाल की नई अनाज मंडी में एकत्रित होंगे।
 
गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस ने 28 अगस्त को भाजपा की एक बैठक में जा रहे नेताओं का विरोध करते हुए एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर कथित तौर पर यातायात बाधित करने वाले किसानों के एक समूह पर लाठीचार्ज किया था। इसमें 10 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हो गए थे।