1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Number of infected in 4,090 in Indore

Covid 19 : इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4,090 हुई, अब तक 178 मरीजों की मौत

Indore
इंदौर (मध्यप्रदेश)। देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 21 नए मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,069 से बढ़कर 4,090 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि संक्रमित होने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान 82 वर्षीय पुरुष समेत 4 मरीजों की मौत हो गई। बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि इन मरीजों की मौत किस तारीख को हुई?
 
मौत के 4 और मामलों का ब्योरा दिए जाने के बाद जिले में कोविड-19 की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 178 पर पहुंच गई है। अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अब तक जिले के 2,982 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि उपचार के बाद इस महामारी से उबरने वालों की दर (रिकवरी रेट) मंगलवार सुबह तक करीब 73 प्रतिशत थी जबकि इनकी मृत्यु दर 4.35 फीसदी। आंकड़ों के मुताबिक जिले में कोविड-19 के नए मरीजों की तादाद में पिछले 15 दिनों में कमी आई है लेकिन इनकी मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।
 
कोविड-19 का प्रकोप कायम रहने के कारण इंदौर जिला अब भी रेड जोन में ही है। जिले में इस प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले 4 मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी। (भाषा)
अगला लेख
सुशांत के पास ‘चांद’ पर प्‍लॉट था, लेकिन ‘मन’ की एक गली खाली थी