1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Masks became mandatory in these cities of the country

देश के इन शहरों में अनिवार्य हुआ मास्‍क, नहीं पहना तो इतना कटेगा चालान

mask
कुछ महीनों की राहत के बाद एक बार फिर से देश में कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है। ऐसे में अब कई शहरों ने मास्‍क पहनना अनिवार्य कर दिया है। उल्‍लेखनीय है कि तमिलनाडु में पिछले 10 दिनों में कोरोना के एक्टिव केस 6 हजार को पार कर गए हैं। इनमें से आधे मामले सिर्फ चेन्नई से हैं।

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बढ़ते कोविड मामलों से निपटने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन द्वारा सोमवार को यह फैसला लिया गया है। इसके मुताबिक चेन्नई में मंगलवार से मास्क पहनना अनिवार्य होगा। निगम ने कहा कि उल्लंघन करने पर 500 रुपए का जुर्माना भी देना होगा। इसके अलावा, शॉपिंग मॉल, थिएटर और पूजा स्थलों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि वहां भारी भीड़ जमा न हो।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु में रविवार को 2,672 और शनिवार को 2,385 मामले सामने आए। हालांकि मरने वालों की संख्या शून्य रही। दूसरी ओर, पिछले 24 घंटों में, राज्य में 1,487 लोग ठीक हुए हैं।

इधर लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के अचानक बढ़ने के बीच प्रशासन ने केंद्र शासित प्रदेश के लेह जिले में लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक जिलाधिकारी श्रीकांत बालासाहेब सुसे द्वारा बृहस्पतिवार को जारी किए गए एक आदेशानुसार, कोरोनो वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लेह में सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के लिए मास्क पहनना अब अनिवार्य है। आदेश का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा।
अगला लेख
Moto ने लॉन्च किया G42 स्मार्टफोन, 15 हजार से भी कम में मिलेगा 50MP कैमरा और 5000 mAH की बैटरी