1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. 6396 new cases of corona

Corona India Update: कोरोना के 6396 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 69,897 हुई

coronavirus
नई दिल्ली। भारत में 1 दिन में कोविड-19 के 6,396 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोनावायरस के संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,29,51,556 हो गई, वहीं उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 69,897 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह 8 बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में 201 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,14,589 हो गई। देश में लगातार 26 दिन से संक्रमण के दैनिक मामलों की संख्या 1 लाख से कम बनी हुई है।

 
देश में अभी 69,897 लोगों का कोरोनावायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.16 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 7,255 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.64 प्रतिशत हो गई है।
 
अद्यतन आंकड़ों के अनुसार संक्रमण की दैनिक दर 0.69 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.90 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 4,23,67,070 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है, वहीं राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 178.29 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
 
उल्लेखनीय है कि देश में 7 अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और 5 सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
 
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले 1 करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल 4 मई को संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ के पार और 23 जून 2021 को 3 करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले 4 करोड़ के पार पहुंच गए थे।