फेमस स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान ने मनोरंजन की दुनिया में एक बड़ा नाम हासिल किया है। उनकी गिनती भारत के लोकप्रिय कॉमेडिटन में होती है। वह इन दिनों अपने स्टैंड-अप शो 'स्पेशल पापा यार' के साथ देशभर का दौरा कर रहे हैं। इसी बची जारिक खान ने कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेने का ऐलान कर दिया है।
जाकिर खान ने अपने हैदराबाद वाले शो के दौरान ब्रेक का ऐलान किया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जाकिर खान दर्शकों संग अपने आगे का प्लान बाते हुए कहते हैं कि वह अब लंबे समय के लिए ब्रेक ले रहे हैं।
जाकिर खान ने कहा, मैं बहुत लंबा, बहुत लंबा ब्रेक ले रहा हूं। शायद 2028-29 तक, या फिर 2030 तक भी। यह तीन, चार या पांच साल का ब्रेक होगा। अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए और कुछ दूसरी चीजों को संभालने के लिए। अभी यहां मौजूद हर कोई मेरे दिल के बहुत करीब है।
उन्होंने कहा, आपकी मौजूदगी मेरे लिए आप सोच भी नहीं सकते इतना मायने रखती है। मैं हमेशा आप सभी का आभारी रहूंगा। बहुत-बहुत शुक्रिया।
इसके बाद जाकिर खान ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर कर इस ब्रेक का हिंट भी दिया। उन्होंने लिखा, '20 जून तक हर शो एक त्योहार है। इस बार मैं कई शहरों में नहीं आ पाऊंगा। इसलिए कृपया थोड़ा एक्स्ट्रा प्रयास करें और शो में आएं। सारे प्यार के लिए धन्यवाद।'
बता दें कि जाकिर खान ने बीते साल भी अपनी हेल्थ की वजह से ब्रेक लेने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था, मैं पिछले 10 साल से टूर कर रहा हूं। हालांकि आपका प्यार और स्नेह पाकर मैं बहुत किस्मतवाला महसूस करता हूं, लेकिन इतना ज्यादा टूर करना ना तो अच्छा है और ना ही सेहत के लिए।
उन्होंने लिखा था, हर मिलने वाले को संतुष्ट करने की कोशिश, दिन में 2-3 शो, रातों की नींद हराम, सुबह-सुबह की फ्लाइट और हां, खाने का कोई टाइम-टेबल नहीं। मैं एक साल से बीमार हूं, लेकिन मुझे काम करना पड़ा, क्योंकि उस समय ऐसा करना जरूरी था।
जाकिर ने कहा था, मुझे स्टेज पर होना पसंद है, लेकिन अब मुझे ब्रेक लेना होगा। मतलब मन तो मेरा नहीं है। वैसे देखा जाए तो एक साल से टाल ही रहा था, पर अब लग रहा है कि बात हाथ से निकल जाए, उसके पहले संभाल लेना चाहिए। इसलिए इस बार भारत में लिमिटेड शहरों में टूर करेंगे। मैं ज्यादा शो नहीं कर पाऊंगा। मुझे एक लंबे ब्रेक पर जाने की सलाह दी गई है।