वायरल वीडियो ने चमकाई बिहार के लड़के की किस्मत, सोनू सूद ने अपनी फिल्म में गाने का दिया मौका
सोशल मीडिया के जरिए कई लोग रातों-रात स्टार बन गए हैं। अपनी सिंगिंग वीडियो की वजह से रानू मंडल और सहदेव दिरदो जैसे गुमनाम चेहरों को काफी लोकप्रियता मिली है। वहीं अब बिहार के अमरजीत जयकर सोशल मीडिया पर छा गए हैं। उनका गाना खूब वायरल हो रहा है, जिसके बाद उनको बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने फिल्म में गाना गाने का ऑफर दे दिया है। सोनू सूद ने अमरजीत को अपनी अपकमिंग फिल्म फतेह में गाने का मौका दिया है।
अमरजीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ में ब्रश लेकर मस्ती फिल्म का गाना 'दिल दे दिया है जान तुम्हें देंगे' गाते नजर आ रहे हैं। इस गाने को सुनने के बाद हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। सोनू सूद ने अमरजीत का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'एक बिहारी सौ पे भारी।'
एक बिहारी , सौ पे भारी। https://t.co/ZsHwTwTHZL
— sonu sood (@SonuSood) February 21, 2023
सोनू सूद की फिल्म में गाना गाने का मौका मिलने के बाद अमरजीत ने वीडियो शेयर करके एक्टर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, सोनू सूद सर से आज बात हुआ सर की अभी आने वाली फिल्म फतेह में मुझे गाने का मौका दिया। 27 और 28 को मैं मुंबई में रहूंगा आप सबका प्यार रहे।'
सिंगर सोनू निगम ने भी अमरजीत की तारीफ की है। सोनू निगम ने ट्वीट करते हुए कहा, मुंबई में ऑटो-ट्यून लगाकर गाने वाले तो हजारों मिलेंगे, लेकिन अपनी असली आवाज से जो मन मोह ले, वही असली गायक होता है। भाई का नाम अमरजीत जयकर है और वे मूलतः बिहार के रहने वाले हैं। ऐसे टेलेंट की कद्र होनी चाहिए।
अमरजीत समस्तीपुर जिले के पटोरी अनुमंडल के भहुआ गांव के रहने वाले हैं। वो मजदूरी और दिहाड़ी का काम करते हैं जबकि उनके पापा नाई हैं। अब वह गांव की गलियों से निकलकर मायानगरी मुंबई में उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।
Edited By : Ankit Piplodiya
Edited By : Ankit Piplodiya

