1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Simmba is a SMASH HIT Continues to collect in double digits at Box Office

सिम्बा का बॉक्स ऑफिस धमाल जारी, छठे दिन भी किया शानदार प्रदर्शन

सिम्बा हो गई हिट

सिम्बा
2018 जाते-जाते बॉलीवुड को खुशियां दे गया। वर्ष की अंतिम प्रदर्शित फिल्म 'सिम्बा' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल किया। फिल्म की सफलता ने 'ज़ीरो' की असफलता पर थोड़ा मरहम लगाया। रणवीर सिंह और सारा अली खान अभिनीत यह फिल्म पसंद की जा रही है और इसका सबूत है बॉक्स ऑफिस कलेक्शन। फिल्म पहले दिन से ही धमाल मचा रही है और छठे दिन भी यह जारी है। 
 
सिम्बा ने पहले दिन 20.72 करोड़ रुपये के कलेक्शन से शुरुआत की थी। हालांकि फिल्म उद्योग को थोड़ी ज्यादा की उम्मीद थी, लेकिन यह आंकड़ा रणवीर सिंह की किसी भी फिल्म का पहले दिन का सर्वाधिक कलेक्शन था। दूसरे दिन कलेक्शन बढ़े और 23.33 करोड़ रुपये तक जा पहुंचे। 
 
तीसरे दिन रविवार की छुट्टी का फिल्म को भरपूर लाभ मिला। फिल्म ने 31.06 करोड़ रुपये का धमाकेदार कलेक्शन किया। वर्ष के आखिरी दिन भी फिल्म का धमाल जारी रहा और 21.24 करोड़ रुपये का कलेक्शन फिल्म ने किया। 2019 के पहले दिन फिल्म कलेक्शन और बढ़ गए। 
 
एक जनवरी को फिल्म ने 28.19 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। छठे दिन भी फिल्म 14.49 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ डबल डिजीट में पहुंची। छ:‍ दिनों में फिल्म ने 139.03 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर हिट का खिताब पा लिया है। आने वाले दिनों में सुपरहिट श्रेणी में भी शामिल हो सकती है। 
 
मुंबई में शानदार प्रदर्शन 
फिल्म ने मल्टीप्लेक्स के साथ-साथ सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर में भी अच्‍छा प्रदर्शन किया। मुंबई में फिल्म बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। दूसरे सप्ताह में भी फिल्म के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है क्योंकि 4 जनवरी को कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। 
 
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी 'सिम्बा' उनकी आठवीं ऐसी फिल्म है जिसने लगातार सौ करोड़ क्लब में एंट्री पाई है। रोहित के अलावा ऐसा कोई दूसरा निर्देशक नहीं कर पाया है। ऐसा लगता है कि रोहित के पास हिट फिल्म बनाने का फॉर्मूला है। सिम्बा तेलुगु फिल्म टेम्पर का हिंदी रिमेक है जिसमें रोहित ने अपने हिसाब से कुछ बदलाव किए हैं। 
 
 
 
अगला लेख
एमी जैक्सन के मंगेतर हैं 3600 करोड़ के मालिक, जा चुके हैं जेल