ईद पर सलमान खान ने दिया फैंस को तोहफा, 'मातृभूमि' का दर्द भरा गाना 'मैं हूं' रिलीज
बकरीद का उत्सव दुनियाभर में मनाया जा रहा है। ईद के मौके पर बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान खान ने अपने फैंस को एक खास तोहफा दिया है। सलमान खान ने अपनी बहुप्रतीक्षित अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' का एक नया और बेहद भावुक म्यूजिक वीडियो 'मैं हूं' जारी किया है।
इस गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की दीवानगी देखने लायक है। कमेंट सेक्शन पूरी तरह से "ईद मुबारक भाईजान" और "लव यू सलमान सर" जैसे कमेंट से पट गया है। फैंस लंबे समय से सलमान के किसी बड़े अपडेट या ट्वीट का इंतजार कर रहे थे, और ईद के इस मौके पर आया यह गाना उनके लिए किसी अनमोल तोहफे से कम नहीं है।
'मैं हूं' गाने का एक ओरिजिनल वर्जन इस साल 'वैलेंटाइन डे' के मौके पर रिलीज किया गया था। लेकिन ईद पर रिलीज किया गया यह नया वीडियो पूरी तरह से अलग है। जहां पहला वर्जन बेहद रंगीन और उल्लास से भरा था, वहीं नया वीडियो पूरी तरह से 'ब्लैक एंड व्हाइट' रखा गया है।
यह गाना पूरी तरह से सलमान खान और उनकी ऑन-स्क्रीन पत्नी का किरदार निभा रहीं चित्रांगदा सिंह पर केंद्रित है। वीडियो में प्यार, अपनों से दूर होने की तड़प, अकेलापन और विरह के गहरे दर्द को दर्शाया गया है। श्रेया घोषाल और अयान लाल की जादुई आवाज में गाया गया यह गीत एक सैनिक के परिवार की उस मूक यात्रा को दिखाता है, जो देश की रक्षा के लिए अपने सबसे प्यारे इंसान को बॉर्डर पर भेज देता है।
अपूर्व लखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। बता दें कि इस फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' रखा गया था। फिल्म की कहानी में पिछले कुछ समय से कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। भारत-चीन विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए फिल्म के मेकर्स किसी भी तरह के राजनीतिक या अंतरराष्ट्रीय विवाद से बचना चाहते हैं। यही वजह है कि फिल्म का नाम बदलकर 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' किया गया।
रिलीज डेट पर सस्पेंस बरकरार
इस देशभक्ति ड्रामा को 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था। हालांकि, स्क्रिप्ट में हुए व्यापक बदलावों, री-शूट्स और तकनीकी पैचवर्क के कारण फिल्म को आगे बढ़ा दिया गया है। मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक तौर पर नई रिलीज तारीख की घोषणा नहीं की है। फिलहाल, ईद के मौके पर आया 'मैं हूं' का यह ब्लैक एंड व्हाइट इमोशनल कट फैंस के उत्साह को बरकरार रखने के लिए काफी है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें