करोड़ों रुपए फीस लेने वाले सलमान खान की इतनी थी पहली कमाई
सलमान खान आज की तारीख में बॉलीवुड के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्टर्स में से एक हैं। उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगभग 100 करोड़ का बिजनेस तो करती ही है। आज के दौर में अपनी एक फिल्म के लिए 100 करोड़ से भी ज्यादा फीस लेने वाले सलमान की पहली सैलरी के बारे में जानकर आपको यकीन नहीं होगा।
एक इंटरव्यू में सलमान ने खुद बताया था कि बतौर लीड एक्टर उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म 'मैंने प्यार किया' महज 31 हजार रुपए में साइन कर ली थी। हालांकि ये सलमान की पहली कमाई नहीं थी। इंटरव्यू में सलमान ने बताया था कि उनकी पहली सैलरी 75 रुपए थी।
सलमान खान की पहली कमाई किसी फिल्म या एक्टिंग से नहीं, बल्कि बैकग्राउंड डांसिंग से हुई थी। एक पुराने इंटरव्यू में खुद सलमान ने बताया था कि जब वे करीब 14-15 साल के थे, तब उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध ताज होटल में एक शो के दौरान पीछे डांस किया था।
सलमान के मुताबिक, मैं ताज होटल में किसी शो में पीछे डांस कर रहा था। मेरा एक दोस्त वहां डांस करने गया था, इसलिए वो मुझे भी ले गया और मैंने इसे केवल मज़े के लिए किया था।
एड में किया काम
इसके बाद सलमान सॉफ्ट ड्रिंक कैम्पा कोला के लिए काम करने लगे थे। यहां उन्हें 750 रुपए मिले और फिर लंबे समय तक 1,500 रुपए मिलने लगे। सलमान के मुताबिक, उन्होंने अपनी पहली फिल्म 'मैंने प्यार किया' 31 हजार रुपए में साइन की थी। हालांकि बाद में उन्हें इसके लिए 75,000 रुपए दिए गए थे।
31 साल पहले आई फिल्म मैंने प्यार किया में सलमान काफी दुबले-पतले थे। उस दौरान भी वे अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देते थे। एक इंटरव्यू में सलमान ने बताया था कि करियर के शुरुआत में संघर्ष वजन बढ़ाने को लेकर होता था क्योंकि मैं काफी दुबला था।
सलमान के मुताबिक, हालात ये थे कि मुझे जो भी मिलता था, मैं उसे खा लेता था। उन्होंने इस बात का खुलासा करते हुए बताया था कि मैंने प्यार किया के सेट पर वे 30 रोटियां खा जाते थे। इतनी ही नहीं वे ढेर सारे केले भी खाते थे। फिल्म 'मैंने प्यार किया' ने सलमान और इस फिल्म की हीरोइन रहीं भाग्यश्री को रातोंरात स्टार बना दिया था।
सलमान खान की नेटवर्थ
सलमान खान की आज कुल संपत्ति लगभग 2,900 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जाती है। 75 रुपए से शुरू हुआ यह सफर आज इस मुकाम पर है कि वे अपनी फिल्मों के अलावा 'बीइंग ह्यूमन' फाउंडेशन के जरिए हजारों लोगों की मदद भी करते हैं।