सिनेमाघरों में 1,800 करोड़ रुपए से अधिक की ऐतिहासिक कमाई कर दुनिया भर को चौंकाने वाली फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' अब ओटीटी की दुनिया में भी नए रिकॉर्ड बना रही है। दिग्गज फिल्ममेकर आदित्य धर के निर्देशन और रणवीर सिंह के दमदार अभिनय से सजी इस स्पाई-थ्रिलर फिल्म को 14-15 मई की आधी रात को नेटफ्लिक्स पर इंटरनेशनली रिलीज किया गया है।
रिलीज के साथ ही पड़ोसी देश पाकिस्तान में इस फिल्म को लेकर ऐसा उन्माद देखा गया, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी को हैरान कर दिया है। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर इस समय 'धुरंधर 2' की ही चर्चा है। वहां के एक मशहूर कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि फिल्म के रिलीज होते ही पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स का सर्वर डाउन हो गया।
वायरल वीडियो में क्रिएटर ने कहा, पाकिस्तान में आज ही धुरंधर रिलीज हुई है और सर्वर क्रैश हो गया। पाकिस्तानी तो बस इंतजार ही कर रहे थे कि कब रात के 12 बजें, नेटफ्लिक्स फिल्म डाले और सब एक साथ मिलकर क्लिक करें। यहां इस फिल्म का ऐसा क्रेज देखा गया है। अब फिल्म में सच दिखाया गया है या झूठ, वो अलग बात है, लेकिन पाकिस्तानी यह देखना चाहते हैं कि फिल्म बनी कैसी है और ल्यारी की असल हकीकत क्या है।
वीडियो में कंटेंट क्रिएटर ने अपने टीवी स्क्रीन पर फिल्म को लगातार बफर होते हुए भी दिखाया और दावा किया कि उनका इंटरनेट बिल्कुल ठीक चल रहा था, यह रुकावट सिर्फ भारी ट्रैफिक के कारण नेटफ्लिक्स के सर्वर पर आए लोड की वजह से थी।
विवादों के बावजूद पाकिस्तान में नंबर-1 पर ट्रेंडिंग
राजनीतिक और संवेदनशील मुद्दों पर आधारित होने के कारण इस फिल्म को पाकिस्तान समेत कई खाड़ी देशों में थियेट्रिकल रिलीज के लिए बैन कर दिया गया था। यही वजह थी कि वहां की जनता इस फिल्म को देखने के लिए बेहद उत्सुक थी। नेटफ्लिक्स पर आते ही 'धुरंधर 2' सीधे पाकिस्तान की ट्रेंडिंग लिस्ट में नंबर-1 पायदान पर पहुंच गई।
फिल्म में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रंगी उर्फ 'हमजा अली मजारी' नाम के एक भारतीय अंडरकवर एजेंट का किरदार निभाया है, जो कराची के ल्यारी में एक गैंग में शामिल होकर आतंकी नेटवर्क को नेस्तनाबूद करता है।
इंटरनेशनल दर्शकों के लिए रिलीज हुआ 'रॉ एंड अनकट' वर्जन
ग्लोबल रिलीज के लिए मेकर्स ने नेटफ्लिक्स पर इस फिल्म का "Raw & Uncut" वर्जन उतारा है। इसमें कई ऐसे डार्क, हिंसक और संवेदनशील सीन्स शामिल हैं, जिन्हें भारतीय सेंसर बोर्ड ने थियेट्रिकल रिलीज के समय हटा दिया था। इसी बिना काट-छांट वाले वर्जन को देखने के लिए विदेशी दर्शकों में होड़ मची हुई है।
बॉक्स ऑफिस पर रच चुकी है इतिहास
रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे मल्टीस्टारर्स से सजी इस फ्रैंचाइज़ी ने बॉक्स ऑफिस को पूरी तरह से डॉमिनेट किया है। दोनों पार्ट्स को मिलाकर इस फ्रैंचाइज़ी ने दुनिया भर में 3,100 करोड़ रुपए से अधिक का बिजनेस कर इतिहास रच दिया है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक नया बेंचमार्क है।
भारत में कब और कहां होगी रिलीज?
भारतीय दर्शकों को इस फिल्म के ओटीटी प्रीमियर के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। आईपीएल 2026 के रोमांच को देखते हुए मेकर्स ने भारत में इसकी डिजिटल रिलीज को टाल दिया था। अब यह फिल्म 4 जून 2026 को शाम 7:00 बजे 'जियोहॉटस्टार' पर स्ट्रीम की जाएगी।