गुजराती सिनेमा ने रचा नया इतिहास, कान फिल्म फेस्टिवल में गूंजा 'लालो' का नाम
ब्लॉकबस्टर गुजराती फिल्म 'लालो' ने कान फिल्म फेस्टिवल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। फिल्म की टीम ने दुनिया के सबसे बड़े सिनेमाई मंचों में से एक पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गुजराती सिनेमा को नई पहचान दिलाई है। 'लालो' कान तक पहुंचने वाली उन शुरुआती गुजराती फिल्मों में शामिल हो गई है, जिसने क्षेत्रीय कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का काम किया है।
यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा, मिट्टी से जुड़ी सच्ची कहानियों और देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली कहानियों को दुनिया भर में मिल रही पहचान का उत्सव है। फिल्म की टीम ने दर्शकों के लगातार प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया, जिसकी वजह से यह खास सफर संभव हो सका।
निर्देशक अंकित साखिया ने कहा, लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते का कान फिल्म फेस्टिवल में प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए गर्व और बेहद भावुक कर देने वाला पल है। हमारा मानना है कि हमारी भाषा, हमारी संस्कृति और इस फिल्म ने ही हमें यहां तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा, हो सकता है कि हम इतनी समृद्ध संस्कृति को पूरी तरह दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए बहुत बड़े नाम न हों, लेकिन 'लालो' के माध्यम से गुजरात और उसकी आध्यात्मिकता की एक छोटी-सी झलक को दुनिया के सामने पेश करना हमारे लिए गर्व की बात है। हमें उम्मीद है कि यह फिल्म भाषा और सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों को छू सकेगी।
फिल्म के प्रोड्यूसर्स अजय बलवंत पडरिया, जय व्यास और जिगर दलसानिया ने कहा, लालो- श्री कृष्ण सदा सहायते के प्रोड्यूसर्स के तौर पर हमारी सबसे बड़ी कोशिश हमेशा यही रही है कि यह कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। सिनेमा तब खास बनता है, जब वह लोगों के दिलों तक पहुंचे, बातचीत की वजह बने और स्क्रीन से बाहर भी दर्शकों के साथ बना रहे।
मैनिफेस्ट फिल्म्स, जय व्यास प्रोडक्शंस, जिगर दलसानिया, पार्थिव जोधाणी और अजय बलवंत पडरिया द्वारा निर्मित इस फिल्म में रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी और करण जोशी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं, शुभम गज्जर ने फिल्म में डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (डीओपी) और क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभाई है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें