नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर 'डॉ. हसन' का टीजर हुआ रिलीज, 11 दिसंबर को होगा प्रीमियर
होशियार इतने कि नामुमकिन काम भी कर दिखाएं, लेकिन उनके साथ काम करना शायद सबके बस की बात नहीं! जियोहॉटस्टार ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर 'डॉ. हसन' का टीजर रिलीज़ कर दिया है, जबकि इस सीरीज का प्रीमियर 11 दिसंबर को होना है।
टीजर एक अनोखे डॉक्टर से मिलवाता है, जो एक ऐसा मेडिकल जीनियस है, जिसके लिए कोई भी उलझा हुआ मामला सुलझाना कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन उसकी पर्सनेलिटी अपने आप में उतनी ही अजीब है। जियोहॉटस्टार द्वारा कमीशन्ड और बानीजय एशिया द्वारा प्रोड्यूस यह सीरीज NBCयूनिवर्सल फॉर्मेट्स, जो यूनिवर्सल स्टूडियो ग्रुप का हिस्सा है, के लाइसेंस के तहत इस मशहूर 'हाउस' फॉर्मेट को भारतीय दर्शकों के लिए लेकर आ रहा है।
डॉ. हसन, जियोहॉटस्टार की उस सोच को दिखाता है कि जब अच्छी कहानियों को भारतीय भावनाओं के साथ दिखाया जाता है, तब उसे एक नया ठिकाना मिलने से कोई नहीं रोक सकता। ग्लोबल लेवल पर पसंद किए जाने वाले फॉर्मेट पर बनाई गई ये सीरीज, दुनिया को ऐसे किरदार और बातचीत से रूबरू कराती है, जिसे भारतीय दर्शक अपना कहेंगे। यह सीरीज जियोहॉटस्टार पर बानीजय एशिया की इंटरनेशनल सीरीज की उस लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्हें भारतीय दर्शकों के लिए बनाया गया है। इनमें 'द नाइट मैनेजर' और हिट सीरीज 'मॉन्क' का इंडियन वर्जन 'मिस्ट्री' का नाम भी शामिल है।
नवाजुद्दीन सिद्धिकी द्वारा निभाया गया डॉ. हसन का किरदार किसी आम डॉक्टर का नहीं है। जब सभी किसी मेडिकल मिस्ट्री का जवाब खोज रहे होते हैं, तब डॉ. हसन अपनी अनोखी प्रतिभा की वजह से उसका जवाब जानते हैं, जिसकी वजह से सभी को उनका रुख करना पड़ता है। लेकिन उनकी खासियत के साथ कुछ अजीब आदतें भी उनसे जुड़ी हैं, जो उनके द्वारा सुलझाए जाने वाले मामलों को अलग होने के साथ अप्रत्याशित भी बनाती हैं। इस कहानी के केंद्र में डॉक्टर हसन का अनोखा किरदार है, जो सीरीज को एक टिपिकल मेडिकल ड्रामा से अलग बनाता है। इस तरह से इसमें दर्शकों को दिलचस्प केस, ह्यूमर और किरदारों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा।
रोहन सिप्पी द्वारा डायरेक्टेड इस सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा के साथ फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू जैसे दमदार कलाकार हैं। वहीं, सीरीज की शानदार कहानी को विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने भारतीय दर्शकों के लिए तैयार करते हुए, इसकी स्क्रिप्ट लिखी है। जबकि, अपनी छाप छोड़ने वाले डायलॉग विराट बसोया ने लिखे हैं। बानीजय एशिया के बैनर तले इस सीरीज को दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि विभास सिंह गौतम एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं।
जियोस्टार में हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज) के हेड आलोक जैन ने कहा, जियोहॉटस्टार पर हम हर कहानी को कुछ अलग, हटकर और हमारे देश की पहचान से जुड़ा हुआ रखना चाहते हैं। अच्छे किरदार हर जगह के दर्शकों को पसंद आते हैं, लेकिन वे तभी असली लगते हैं, जब उनकी कहानी दर्शकों की अपनी दुनिया से जुड़ी हो। 'हाउस' ने दुनिया को टीवी के सबसे यादगार किरदारों में से एक दिया था। 'डॉ. हसन' के जरिए हम उसी अंदाज को भारतीय रंग में पेश करना चाहते थे, जिसमें हमारा अपना ह्यूमर और इंसानियत हो।
सीरीज के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, बचपन में मुझे याद है कि मैं अपने शहर में क्लीनिक और दवाखानों के आसपास काफी समय बिताया करता था। वहां हमेशा कुछ दिलचस्प लोग और अलग-अलग तरह की घटनाएं देखने को मिलती थीं। 'डॉ. हसन' की कहानी पढ़ते समय मुझे बचपन की वही यादें फिर से ताजा हो गईं। इस किरदार को निभाने में मुझे सबसे ज्यादा मजा इस बात का आया कि कैसे उसकी गजब की समझदारी और दुनिया को देखने का उसका बिल्कुल अलग नजरिया एक साथ दिखाया जाए। एक एक्टर के तौर पर आपको किरदार की छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना पड़ता है, जैसे वह कैसे बात करता है, कैसे रिएक्ट करता है, उसका व्यवहार कैसा है और आसपास के लोगों से उसका रिश्ता कैसा है।

