'कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है', आनंद एल राय की 'नखरेवाली' का फर्स्ट लुक पोस्टर आया सामने, इस दिन रिलीज होगी फिल्म
भारतीय सिनेमा में अक्सर रोमांटिक-कॉमेडी फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता रहा है, लेकिन जब इसमें समाज की रूढ़िवादी सोच को बदलने का तड़का लगा हो, तो फिल्म की चर्चा होना लाजमी है। जियो स्टूडियोज और आनंद एल राय की प्रोडक्शन कंपनी 'कलर येलो' एक बेहद अनोखी और दिलचस्प फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम 'नखरेवाली' है।
हाल ही में मेकर्स ने इस फिल्म का पहला लुक और पोस्टर जारी कर इसकी आधिकारिक रिलीज़ डेट की घोषणा की है। यह फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पोस्टर की टैगलाइन ने खींचा ध्यान
फिल्म 'नखरेवाली' को मेकर्स ने एक 'Womantic Comedy' के रूप में प्रमोट किया है। यह पारंपरिक रोमांटिक-कॉमेडी जॉनर से थोड़ी अलग और हटकर होने वाली है। फिल्म के अनोखे पोस्टर पर लिखा टैगलाइन— "कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है" —दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है।
यह टैगलाइन सीधे तौर पर संकेत देती है कि फिल्म में रिश्तों के पारंपरिक ढांचे को तोड़ते हुए जेंडर रोल्स के मजेदार उलटफेर को दिखाया जाएगा। प्यार में जब एक पुरुष को महिला के नजरिए को समझना पड़ता है या उसके रोल में ढलना पड़ता है, तो कैसी परिस्थितियां बनती हैं, फिल्म इसी ताने-बाने पर बनी है।
फिल्म 'नखरेवाली' से बॉलीवुड को दो नए उभरते हुए सितारे मिलने जा रहे हैं। इस फिल्म के जरिए अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव हिंदी सिनेमा में अपना कदम रख रहे हैं। दोनों युवा कलाकारों की फ्रेश जोड़ी पोस्टर में ही काफी आकर्षक और ऊर्जावान नजर आ रही है।
इस फिल्म का निर्देशन राहुल शांडिल्य ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखी गई है। वहीं, हिट और सामाजिक सरोकार से जुड़ी फिल्में बनाने के लिए मशहूर निर्माता आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा, जियो स्टूडियोज के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
हंसी-मजाक के बीच गहरा सामाजिक संदेश
अक्सर माना जाता है कि सामाजिक विषयों पर बनी फिल्में गंभीर होती हैं, लेकिन 'नखरेवाली' इस धारणा को बदलने का प्रयास करेगी। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म का लहजा बेहद हल्का-फुल्का और मनोरंजक रखा गया है, ताकि दर्शक बिना किसी भारीपन के फिल्म का लुत्फ उठा सकें।
मनोरंजन के साथ-साथ यह फिल्म महिला सुरक्षा, सामाजिक रूढ़ियों और समाज में महिलाओं तथा पुरुषों के तयशुदा दायरों पर तीखा और विचारणीय प्रहार करेगी। फिल्म का मुख्य उद्देश्य हंसाते-हंसाते लोगों को यह सोचने पर मजबूर करना है कि एक समकालीन समाज में समानता और आपसी समझ कितनी जरूरी है।

