1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. mithun chakraborty hospitalized undergoes minor hand surgery suvendu adhikari visits

मिथुन चक्रवर्ती की हुई माइनर सर्जरी, बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी मिलने पहुंचे अस्पताल

Mithun Chakraborty Health Update
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और बीजेपी के केंद्रीय समिति सदस्य मिथुन चक्रवर्ती को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनके दाहिने हाथ की एक माइनर सर्जरी की है।
 
मिथुन चक्रवर्ती के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खुद उनके मिलने पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं।
 
सीएम ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर लिखा, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और बीजेपी केंद्रीय समिति के सदस्य मिथुन चक्रवर्ती शारीरिक अस्वस्थता के कारण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मैंने आज अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की, डॉक्टरों से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
 
अस्पताल से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात को मिथुन चक्रवर्ती का एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ था। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा, मिथुन दा ने इस बारे में मुझे और हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य को गुरुवार रात ही सूचित कर दिया था। हालांकि, वह इस बात को लेकर किसी भी तरह की पब्लिसिटी नहीं चाहते थे। अब उनका ऑपरेशन सफल रहा है और उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। डॉक्टरों ने बताया है कि उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
मिथुन चक्रवर्ती बंगाल की धरोहर 
शुभेंदु अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें 'बंगाल की अनमोल धरोहर' करार दिया। उन्होंने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती की पहचान सिर्फ एक राजनेता तक सीमित नहीं है। बंगाल के लोगों के दिल में उनका एक खास स्थान है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में राष्ट्रवादी विचारधारा और राजनीतिक बदलाव के संघर्ष में मिथुन चक्रवर्ती का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
 
बता दें मिथुन चक्रवर्ती का राजनीतिक और सामाजिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। पूर्व में टीएमसी के राज्यसभा सांसद रहे मिथुन चक्रवर्ती ने वर्ष 2016 में शारदा और रोज वैली चिटफंड घोटालों में पार्टी के कुछ नेताओं का नाम आने के बाद टीएमसी से सभी रिश्ते तोड़ लिए थे और संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया था। उस समय भी उन्होंने सेहत का हवाला दिया था।
 
इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर चुनाव प्रचार किया। पिछले कुछ समय से उन्हें स्वास्थ्य संबंधी छोटी-मोटी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, अपनी शारीरिक तकलीफों को नजरअंदाज करते हुए उन्होंने अपनी शूटिंग और राजनीतिक कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
51 की उम्र में अमीषा पटेल ने शादी पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- 'एक आदमी के लिए अपनी खुशियां दांव पर नहीं लगा सकती'