1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. ameesha patel says she will never marry happy being single viral ama statement

51 की उम्र में अमीषा पटेल ने शादी पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- 'एक आदमी के लिए अपनी खुशियां दांव पर नहीं लगा सकती'

Ameesha Patel marriage
बॉलीवुड में शादी और पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर कलाकारों पर सवाल उठते रहते हैं। लेकिन आज के दौर में सिनेमा जगत के कई बड़े सितारे बिना किसी झिझक के अपनी शर्तों पर जिंदगी जी रहे हैं। सलमान खान, तबू और सुष्मिता सेन जैसी हस्तियों के बाद अब 'गदर' फेम अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी अपने सिंगल स्टेटस पर ऐसी बात कही है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
 
51 साल की उम्र में भी अपने निडर अंदाज और ग्रेस के लिए जानी जाने वाली अमीषा पटेल ने हाल ही में अपने प्रशंसकों के साथ बातचीत के दौरान अपनी शादी को लेकर एक तीखा और बेबाक बयान दिया है। हाल ही में अमीषा पटेल ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर फैंस के लिए एक 'आस्क मी एनीथिंग' (AMA) सेशन आयोजित किया था। इस दौरान उनके चाहने वालों ने करियर से लेकर पर्सनल लाइफ तक कई सवाल पूछे।
 
इसी बीच एक यूजर ने अमीषा से सीधा सवाल किया— "आप शादी कब कर रही हैं?" इस सवाल का जवाब देते हुए अमीषा ने बिना किसी हिचकिचाहट के लिखा, "कभी नहीं, मैं सिंगल रहकर बहुत-बहुत खुश हूं। मेरे पास 100 करीबी रिश्तेदार और दोस्त हैं जो मुझे प्यार करते हैं। मैं किसी एक आदमी के आने और इस सब को बदलने का जोखिम नहीं उठा सकती।"
 
अमीषा पटेल के इस जवाब ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। कई फैंस ने उनके इस नजरिए का समर्थन किया। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "शादी कई बार आपके सपनों को पूरा करने की राह में समझौता बन जाती है, सिंगल रहना ज्यादा आजादी देता है।" वहीं कई अन्य फैंस ने भी उनके इस फैसले को सही ठहराया।
 
हालांकि, ऐसा नहीं है कि अमीषा ने कभी प्यार या शादी के दरवाजे पूरी तरह बंद कर दिए हों। कुछ समय पहले एक पॉडकास्ट के दौरान अमीषा ने अपनी पुरानी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने खुलासा किया था कि वह पहले एक गंभीर रिश्ते में थीं, लेकिन जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने का फैसला किया, तो उनके पार्टनर ने उनका साथ नहीं दिया।

 
अमीषा के मुताबिक, वे शादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उनकी कुछ स्पष्ट शर्तें हैं। वह ऐसे हमसफर की तलाश में हैं जो उनके काम और आत्मनिर्भरता का सम्मान करे। अमीषा का मानना है कि उम्र से ज्यादा इंसान का बौद्धिक स्तर मायने रखता है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि उन्हें आधी उम्र के युवाओं से भी प्रपोजल मिलते हैं, लेकिन उनके लिए मैच्योरिटी ही सबसे बड़ी शर्त है।
 
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमीषा पटेल का करियर इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में है। साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'गदर 2' में उन्होंने एक बार फिर 'सकीना' का आइकॉनिक किरदार निभाया। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा और फिल्म ने दुनियाभर में 686 करोड़ रुपए से अधिक का शानदार बिजनेस किया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
भरोसा, धोखा और साजिश से भरा 'द ट्रेटर्स' सीजन 2 का ट्रेलर हुआ आउट, करण जौहर लगाएंगे गेम में तड़का