'25 साल से यही चश्मा पहन रहा हूं!', अमिताभ बच्चन ने नए KBC की शूटिंग की शुरुआत में मांगी माफी, चश्मे को लेकर किया मजेदार खुलासा
भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय क्विज शो के एक नए दौर की शुरुआत करते हुए, महानायक अमिताभ बच्चन ने 'सोचना पड़ेगा' थीम वाले 'कौन बनेगा करोड़पति' के शूटिंग के पहले दिन दर्शकों का स्वागत किया। उन्होंने अपनी चिरपरिचित गर्मजोशी, सादगी और दिल खोलकर मुस्कुराने वाली ईमानदारी के साथ सबका दिल जीत लिया।
नए सीजन की रिकॉर्डिंग के पहले ही दिन हुई थोड़ी सी देरी को स्वीकारते हुए, बिग बी ने एक शानदार और बेबाक एंट्री ली। उन्होंने तुरंत हाथ जोड़कर दर्शकों से माफी मांगी और फिर टेक-चेक्स, ढलती उम्र और अपने आइकॉनिक चश्मे को लेकर हुई बहस पर एक बेहद मजेदार बातचीत शुरू कर दी।
अमिताभ बच्चन ने अपने स्टाइल में अपने रंगीन चश्मे के पीछे की असली वजह बताई, जिसे सुनकर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठा। कैमरे के सामने बढ़ती उम्र पर उनके इस मजाकिया अंदाज़ ने सभी का दिल जीत लिया।
इस मजेदार बातचीत के दौरान महानायक अमिताभ बच्चन ने कहा, “सबसे पहले हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं, देर हो गई क्योंकि आज यह पहला रिकॉर्डिंग है इस नए दौर का। तो छोटी-मोटी चीजें जो सेट करने में समय लगता है।”
बिग बी ने यह भी कहा, फिर कोई बोलेगा सर जो आपका चश्मा है न वह गलत है, हमने कहा क्या गलत है यार, मैं पच्चीस साल से यही तो चश्मा पहन रहा हूँ! बोलें नहीं सर, उसमें येलो-येलो आ रहा है, हमने कहा हाँ उसे थोड़ा सा टिंट किया है, नहीं सर वो गड़बड़ हो जाएगा। मैंने कहा देखो भाईसाहब, वृद्धावस्था में एक वृद्ध की उम्र कैसे पता चलती है? उसकी आंखों से, तो हमारी आंख जो है वो वृद्धावस्था में पहुंच गई है तो उसको छुपाने के लिए एक जो है थोड़ा सा टिंच मार दिया।
चाहे तकनीकी गड़बड़ियों का मज़ाक उड़ाना हो या बेमिसाल चार्म के साथ अपनी उम्र को स्वीकारना, अमिताभ बच्चन लगातार यह साबित करते आ रहे हैं कि KBC के दर्शकों के साथ उनका रिश्ता हर सीजन के साथ और मजबूत क्यों होता जाता है। यह नया सीजन 10 अगस्त से केवल सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होने के लिए तैयार है।

