1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Kapil Sharma, Firangi, Sunny Leone, Tera Intezaar

कपिल शर्मा : शो भी बंद और फिल्म भी फ्लॉप

कपिल शर्मा
2017 को कपिल शर्मा याद नहीं रखना चाहेंगे। बुलंदियों के आसमां में उड़ रहे कपिल धड़ाम से जमीन पर आ गिरे हैं। अपने नखरों से उन्होंने बड़े-बड़े बॉलीवुड स्टार्स को परेशान किया। फिर नशे में चूर होकर सुनील ग्रोवर से लड़ पड़े। इससे उनकी लोकप्रियता में तेजी से गिरावट आ गई और अच्छा-भला चलता हुआ शो बंद करना पड़ा। 
 
कपिल को दूसरा झटका 'फिरंगी' फिल्म ने दिया। यह कपिल की गिरती लोकप्रियता का सबूत था कि उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढंग की ओपनिंग भी नहीं ले सकी। फिल्म ने पहले वीकेंड कर बमुश्किल 6.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। जबकि उनकी पिछली फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' ने पहले ही दिन 10.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। निर्माता के रूप में कपिल को पहली ही फिल्म में असफलता मिली है। 
 
फिरंगी के सामने प्रदर्शित हुई 'तेरा इंतजार' का हाल तो और भी बुरा है। अरबाज खान जैसे चूके हुए हीरो की फिल्म भला कौन देखना चाहेगा। सनी लियोन के हुस्न का जादू भी नहीं चला। अब दर्शक सनी के नाम पर सिनेमाघर नहीं जाते। इस फिल्म ने पहले वीकेंड पर किसी तरह से डेढ़ करोड़ रुपये जुटाए जो इसका हाल बयां करते हैं। अब सनी इस बात पर इतरा सकती हैं कि उनकी पिछली फिल्म 'बेईमान लव' ने तो पहले वीकेंड पर एक करोड़ रुपये का ही कलेक्शन किया था। 
 
सिनेमाघरों में सन्नाटा पसरा हुआ है। जो थोड़े दर्शक हिम्मत जुटा कर आ रहे हैं वे 'तुम्हारी सुलु' ही देख रहे हैं। इस फिल्म ने अब तक 32.49 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। 
अगला लेख
अजय सुपरस्टार जैसा व्यवहार नहीं करते