गुजरात-हिमाचल चुनाव परिणाम पर बॉलीवुड चुप!
सोशल मीडिया पर यूं तो कई कलाकार सक्रिय रहते हैं और बात-बात पर राय, बधाई और शुभकामनाएं देने से नहीं चूकते हैं, लेकिन गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत पर सभी चुप हैं। सोशल मीडिया पर कोई हलचल नहीं है। कांग्रेस ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उसे भी कोई नहीं पूछ रहा है।
अमिताभ बच्चन से लेकर लता मंगेशकर तक और शाहरुख से लेकर सलमान तक सभी सोशल मीडिया पर ऐसा व्यवहार कर रहे हैं मानो आज कुछ हुआ ही नहीं हो। पता नहीं इसके पीछे क्या कारण है।
पिछले कुछ दिनों से जब भी किसी कलाकार ने राजनीतिक मुद्दों पर बोलने की कोशिश की है तो बवाल मच गया। इससे उनका स्टारडम खतरे में पड़ जाता है। फिल्म का विरोध शुरू हो जाता है। लिहाजा अब कलाकार राजनीति पर कुछ भी बोलने से कन्नी काटते हैं।
अनुपम खेर तो भाजपा के पक्ष में बोलते रहते हैं। वे भी चुप हैं। मधुर भंडारकर ने जरूर बधाई दी है। वे खुल कर भाजपा के पक्ष में बात करते हैं।
Congratulations to @narendramodi @AmitShah and all the @BJP4India party workers on the victory in #GujratElection2017 and #HimachalPradeshElections2017
— Madhur Bhandarkar (@imbhandarkar) 18 दिसंबर 2017
जरूरी नहीं है कि भाजपा को जीत की बधाई दे दी तो आप भाजपाई हो गए या कांग्रेस की प्रशंसा करने पर कांग्रेसी हो गए। शशि थरूर कांग्रेस से जुड़े हैं, लेकिन भाजपा को जीत पर बधाई दी है। शायद ऐसा करना नेता के लिए आसान है और अभिनेता के लिए कठिन।
बॉलीवुड कलाकार कुछ ज्यादा ही जल गए हैं, इसलिए छांछ भी फूंक-फूंक कर पी रहे हैं।
अगला लेख
