1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. allu arjuns pushpa will be released in two parts

2 पार्ट में बनेगी Allu Arjun की Pushpa, हिन्दी में भी होगी रिलीज

Allu Arjun
साउथ स्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' लंबे वक्त से चर्चा में है। आए दिन फिल्म से जुड़ी कोई ना कोई नई जानकारी सामने आ रही है। अब यह खबर है कि अल्लु अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म पुष्पा दो पार्ट में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माताओं ने यह पुष्टि की है।

 
निर्माता नवीन यरनेनी और वाई. रवि शंकर ने कहा, फिल्म की कहानी और किरदारों को सही ढंग से दिखाने के लिए समय की जरूरत है। इन्हें एक पार्ट में समेटना संभव नहीं है, इसलिए फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी। टीजर को मिला शानदार रिस्पॉन्स देख हम काफी उत्साहित हैं। हम फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज कर इस उत्साह को आगे तक ले जाएंगे। पहला हिस्सा अगस्त में रिलीज किया जाएगा और दूसरा 2022 में रिलीज होगा।
 
अल्लू के जन्मदिन पर 8 अप्रैल को फिल्म 'पुष्पा' का नया पोस्टर सामने आया था, जो मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उनका ऐसा अवतार फैंस ने पहले कभी नहीं देखा था।
 
बताया जा रहा है कि 'पुष्पा' के पहले पार्ट की 80 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है, वहीं दूसरे पार्ट की शूटिंग 10 प्रतिशत पूरी हुई है। दोनों फिल्मों का बजट करीब 250-300 करोड़ रुपए है। इसे तेलुगू के अलावा, तमिल, हिन्दी, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। 
 
इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म की कहानी आंध्र प्रदेश की पहाड़ियों में लाल चंदन की डकैती पर आधारित है। फिल्म में अल्लू अर्जुन को एक भयानक दिखने वाले चंदन तस्कर पुष्पा राज के रूप में दिखाया जाने वाला है। इसमें उनके साथ रश्मिका मंदाना भी नजर आएंगी।
 
फिल्म का निर्देशन सुकुमार कर रहे हैं। इससे पहले सुकुमार के साथ अल्लू अर्जुन 'आर्य' और 'आर्य 2' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनके साथ यह अल्लू की तीसरी फिल्म होगी। यह अल्लू की पहली पैन इंडिया फिल्म है। हाल ही में खबर आई थी कि इस फिल्म में उनके अपोजिट मेन विलेन के तौर पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम स्टार फहाद फाजिल नजर आएंगे।
 
अगला लेख
'झूम झूम' की शूटिंग के दौरान Salman Khan और Radhe की टीम ने अपनाया था न्यू नॉर्मल, मेकिंग वीडियो आया सामने