• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. साक्षी तंवर संपूर्ण जीवन परिचय
Written By
Last Updated : सोमवार, 10 जनवरी 2022 (19:28 IST)

साक्षी तंवर ने 3 बार ठुकराया था कहानी घर घर की पार्वती का रोल

Sakshi Tanwar full biography | साक्षी तंवर संपूर्ण जीवन परिचय | साक्षी तंवर ने 3 बार ठुकराया था कहानी घर घर की पार्वती का रोल
साक्षी तंवर ने अभिनय की दुनिया में भले ही कम काम किया हो, लेकिन यादगार काम किया है। धारावाहिक 'कहानी घर घर की' की पार्वती अग्रवाल और 'बड़े अच्छे लगते हैं' की प्रिया शर्मा के रोल ने उन्हें ऐसी मशहूरी दिलाई जो कि पचास धारावाहिक करने के बाद भी कलाकारों को नहीं मिलती। अभी भी इन भूमिकाओं के लिए साक्षी को याद किया जाता है। 
12 जनवरी 1973 को अलवर, राजस्थान में जन्मी साक्षी ने कभी नहीं सोचा था कि वे ग्लैमर जगत में अपना परचम फहराएंगी। उनके पिता सीबीआई ऑफिसर थे इसलिए साक्षी का फोकस भी पढ़ाई की ओर था। केन्द्रीय विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने नई दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज में दाखिला ले लिया। इस दौरान उन्होंने एक फाइव स्टार होटल में बतौर ट्रेनी के भी काम किया। 
 
कॉलेज में साक्षी काफी मुखर थी और वे ड्रामैटिक सोसायटी की सचिव और अध्यक्ष भी रहीं। ग्रेज्युएट होने के बाद प्रशासनिक सेवा में जाने का साक्षी ने मन बनाया और तैयारियां शुरू कर दी। इसी दौरान दूरदर्शन के एक कार्यक्रम 'अलबेला सुर मेला' का 1998 में उन्होंने ऑडिशन दे दिया और प्रेजेंटर के रूप में उनका सिलेक्शन हो गया। इसके बाद साक्षी के लिए नई राह खुल गईं और वे अभिनय के क्षेत्र में चली आईं।
नहीं करना चाहती थीं कहानी घर घर की 
इसी बीच एकता कपूर 'कहानी घर घर की' के लिए एक्टर्स का चयन कर रही थी। साक्षी तंवर में उन्हें एक ऐसी भारतीय स्त्री नजर आई जो भारतीयों को अपने आसपास की लगती है। इस रोल के लिए साक्षी उन्हें सटीक लगी। जब रोल उन्हें ऑफर हुआ तो साक्षी ने इसे भाभी का रोल समझ कर रिजेक्ट कर दिया। उन्हें समझाया गया कि यह लीड रोल है। पूरी कहानी बताई गई, लेकिन साक्षी को अब इस बात पर ऐतराज था कि उन्हें टीनएजर की मां बताया जा रहा है और वे करियर की शुरुआत में यह जोखिम नहीं ले सकती। 
 
एकता ने किरदारों की उम्र दस साल घटा दी, लेकिन साक्षी ने फिर ऑफर ठुकरा दिया। साक्षी का कहना था कि लगातार चलने वाले इस धारावाहिक के लिए उन्हें दिल्ली से मुंबई शिफ्ट होना पड़ेगा और वे इसके लिए तैयार नहीं हुईं। एकता ने फिर समाधान सुझाया। कहा कि महीने में शूटिंग के लिए 15 दिन ही मुंबई आओ और 15 दिन दिल्ली में बताओ। तब जाकर साक्षी इस रोल के लिए राजी हुईं। 
 
पार्वती के रूप में घर-घर में छाई 
कहानी घर घर की का प्रसारण शुरू हुआ और देखते ही देखते यह धारावाहिक भारतीय जनमानस पर छा गया। लोग रोजाना इसका इंतजार करते और देखते। इसकी कहानी मध्यमवर्गीय परिवारों को अपनी सी लगती थी। साक्षी को पार्वती के रूप में खासा पसंद किया गया। वे धारावाहिक देखने वालों को अपने ही परिवार का हिस्सा लगने लगीं। साक्षी ने इस किरदार को ऐसा पकड़ा कि वर्षों तक इसका साथ नहीं छोड़ा। लगभग 9 वर्षों तक वे यह किरदार निभाती रहीं और अपार लोकप्रिय हो गईं। 
बड़ा अच्‍छा लगा बड़े अच्छे लगते हैं 
जब यह धारावाहिक बंद हुआ तो साक्षी लगातार काम कर थक चुकी थीं। उन्होंने थोड़ा ब्रेक लिया और छुटपुट काम करती रहीं। 2011 में एकता कपूर ने पार्वती को लेकर एक नया धारावाहिक 'बड़े अच्‍छे लगते हैं' बनाया जिसमें राम कपूर भी लीड रोल में थे। यह एक परिपक्व प्रेम कहानी थी जिसमें उम्रदराज की लव स्टोरी नजर आई। यह धारावाहिक भी टीआरपी बटोरने में बहुत आगे रहा। राम और साक्षी की केमिस्ट्री शानदार थी और दर्शकों का इस जोड़ी ने दिल जीत लिया। साक्षी ने प्रिया शर्मा के रूप में बेहतरीन अभिनय किया। 
 
आमिर खान की मां भी फैन 
बड़े अच्छे लगते हैं के बाद साक्षी ने कम लेकिन क्वा‍लिटी काम किया। 'एक थी नायिका' और 'कोड रेड' में उनका काम उल्लेखनीय रहा। थ्रिलर सीरिज '24' के सीज़न 2 में भी उनका काम पसंद किया। बड़े परदे पर भी वे दिखाईं दी। 'कॉफी हाउस' नामक फिल्म में उनकी मुख्य भूमिका थी। आमिर खान की पत्नी के रूप में वे 'दंगल' में नजर आईं जिसने बॉक्स ऑफिस पर आय के नए कीर्तिमान स्थापित किए। 
 
दंगल के बारे में एक मजेदार किस्सा यह है कि आमिर खान की मां साक्षी की बहुत बड़ी फैन हैं। साक्षी के धारावाहिक वे रोज देखती थीं। उनके कहने पर ही साक्षी को 'दंगल' मिली। फिल्म 'दंगल' की स्क्रीनिंग में वे साक्षी से भी मिली। साक्षी का कहना है कि आमिर खान के बारे में उन्होंने कई बातें सुन रखी थी- जैसे वे बहुत गंभीर किस्म के इंसान हैं, सुपरस्टार हैं, परफेक्शनिस्ट हैं, लेकिन आमिर को उन्होंने बहुत ही सहज और सरल पाया। 'मोहल्ला अस्सी' में सनी देओल की हीरोइन थीं। 'डायल 100' में मनोज बाजपेयी के साथ दिखाई दीं। हां, छोटे परदे पर उन्होंने कोई सशक्त भूमिका नहीं निभाई जबकि आज भी कई दर्शक उन्हें धारावाहिक में देखना चाहते हैं। दो-तीन वेबसीरिज का भी हिस्सा रहीं। 
 
गुपचुप विवाह की अफवाह 
एक बार साक्षी के बारे में अफवाह आई थी कि उन्होंने किसी बिज़नेसमैन से गुपचुप विवाह कर लिया है, लेकिन साक्षी ने इसका खंडन किया था। समीर कोचर से भी उनका नाम जोड़ा गया था। 2018 में साक्षी ने नौ महीने की लड़की को गोद लिया। नाम रखा दित्या तंवर। सिंगल मदर के रूप में वे उसकी परवरिश में व्यस्त हैं और कभी-कभी एक्टिंग भी कर लेती हैं। जरूरत है उन्हें थोड़ा ज्यादा काम करने की।  
ये भी पढ़ें
कोरोना टाइम में ना गाएं ना बजाएं ये गीत : हंसा देगी ये फनी चुटकी