युवाओं में सबसे लोकप्रिय रणबीर कपूर
PR
रणबीर की पहली फिल्म "साँवरिया" थी। फिल्म तो नाकाम रही, पर यह लड़का दिलों पर छा गया खासकर लड़कियों के दिलों पर। "बचना ऐ हसीनों" भी नाकाम रही, मगर रणबीर का जादू काम करता रहा। विज्ञापन फिल्मों में उसकी मासूमियत, उसकी चॉकलेटी सूरत दिलों पर जादू करती रही। रणबीर कपूर की प्रतिभा का जादू दिखा फिल्म "वेकअप सिड" में। अभी तक रणबीर की जितनी फिल्में आई हैं, उनमें सबसे बेहतर "वेकअप सिड" ही है।
रितिक रोशन के प्रति भी एक समय ऐसी ही दीवानगी पैदा हुई थी, जो कुछ समय बाद खत्म हो गई। रणबीर के पास सलमान और रितिक जैसा शरीर नहीं है। बहुत बढ़िया डांस भी वे नहीं करते। वे फाइटिंग में भी माहिर नहीं हैं। उनकी कामयाबी का राज है बहुत आम लड़के जैसा होना। हर लड़की अपने ब्वॉयफ्रेंड में शाहरुख, आमिर या सलमान नहीं देख सकती। हर लड़की अपने ब्वॉयफ्रेंड में रितिक रोशन या सैफ अली की भी कल्पना नहीं कर सकती। ये सभी हीरो बहुत खासियत लिए हैं और आम लड़कों से बहुत हटकर हैं। मगर रणबीर कपूर की अपील बहुत आम होने में है। सामान्य-सी लंबाई, सामान्य-सा बदन, सामान्य-सी सूरत-शक्ल मगर सूरत पर कमसिनी का नमक और मासूमियत। बहुत बड़ी-बड़ी नहीं, मगर भोली-भोली आँखें। वे हर लड़की के ब्वॉयफ्रेंड जैसे हैं।
फिर वे मेहनती भी हैं। काम के प्रति उनमें लगन है। अभी अमिताभ ने बताया कि फिल्म "ब्लैक" में रणबीर संजय लीला भंसाली के चीफ असिस्टेंट थे। मिशेल का रोल करने वाली लड़की आयशा से वही अभिनय कराते थे। अभिनय उन्होंने न्यूयॉर्क के एक संस्थान से सीखा है। "बिग बॉस" के सेट पर आने से पहले रणबीर कपूर ने बिग बॉस के कई एपिसोड ध्यान से देखे और उसके बारे में अमिताभ से गहरी चर्चा की।
इसके ठीक उलट कैटरीना कैफ ने एक भी एपिसोड नहीं देखा था। कैटरीना हवा में हैं और रणबीर फिलहाल जमीन पर। बेहतर फिल्म "वेकअप सिड" है मगर ज्यादा दर्शक मिल रहे हैं "अजब प्रेम की गजब कहानी को"। उनकी आने वाली फिल्मों को इसका लाभ जरूर मिलेगा। "राकेट सिंह..." और "राजनीति" के निर्माता रणबीर की कामयाबी से निश्चित ही खुश होंगे। उनकी एक फिल्म अभी बन रही है जिसका नाम है "अनजाना-अनजानी"। कामयाबी की वजह से उसके निर्माण में भी तेजी आएगी। "बॉबी" हिट होने के बाद ऋषि कपूर को जो लोकप्रियता मिली थी, रणबीर उसी को दोहरा रहे हैं। देखना है कि कामयाबी के घोड़े पर वे कब तक सवारी करते हैं।

