मर्द को शर्म आती है या नहीं?
IFM
दर्द होना या न होना संवेदनशीलता पर आधारित है। किसी महिला का कोई अंग संवेदनहीन हो और उसे दर्द न होता हो, तो क्या उसे मर्द कहेंगे? पहला मुद्दा यह है कि मर्दवादी संवादों को सेंसर बोर्ड काटता क्यों नहीं? यदि कोई व्यक्ति नर होने पर गर्व कर रहा है तो इसका मतलब यह है कि वो मादाओं को हीन बता रहा है।
कितनी फिल्मों में संवाद होता है कि हमने भी चूड़ियाँ नहीं पहन रखी हैं। क्या इसका मतलब यह है कि महिलाएँ कायर होती हैं? महिलाएँ बाहुबल में कम जरूर हो सकती हैं, पर महिला मात्र होना कायर होने की शर्त नहीं है।
IFM
आयशा टाकिया हाथ में चूड़ियाँ पहनती हैं। महिला हैं। मगर अपने ससुर अबू आजमी के अपमान पर उन्हें गुस्सा आया और उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों (यानी राज ठाकरे एंड कंपनी) को लात मारकर भगाया जाना चाहिए। ठाकरे परिवार को धोक देने वाली फिल्म इंडस्ट्री में किस मर्द की हिम्मत है, जो गुंडागर्दी के खिलाफ कुछ बोल दे?
बड़े-बड़े मर्दछाप हीरो की सिट्टी-पिट्टी दुबई के भाई के एक फोन के आगे गुम हो जाती है। भाई की माँग सब पूरी करते हैं (या करते थे)। मगर गुंडा प्रोटेक्शन मनी देने से जिसने इंकार किया, वह प्रीति जिंटा है। सब जानते हैं कि प्रीति जिंटा हाथ में चूड़ियाँ पहनती हैं। महिला हैं।
फिल्म वाले तो खैर अपनी सोच नहीं बदल सकते, क्योंकि वे मासूम लोग हैं। मगर सेंसर बोर्ड को तो ऐसे संवाद नहीं पास करने चाहिए, जिससे लिंगभेद को बढ़ावा मिलता हो। बोर्ड के पास बहुत ताकत होती है।
IFM
जब सेंसर बोर्ड इतना कर सकता है, तो मर्दवादी संवादों पर तो नजर रख ही सकता है। जब "मर्दों" से भरी फिल्म इंडस्ट्री राज ठाकरे के सामने ऐसे समर्पण करे और आयशा टाकिया जैसी हीरोइन हिम्मत से बयान दे, तो फिल्मों के मर्दवादी संवादों से और ज्यादा चिढ़ आती है।

