1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. बिहार विधानसभा चुनाव 2015
  4. Fir against Lalu Yadav for commenting Amit Shah

लालू को महंगी पड़ी मोदी पर टिप्पणी, मामला दर्ज

Lalu Yadav
पटना-मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर पटना शहर के सचिवालय थाना और मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।
 
अपर निर्वाचन अधिकारी आर लक्ष्मणन ने बताया कि अमित शाह को कथित तौर पर नरभक्षी और पागल बताने पर पटना सदर अनुमंडल अधिकारी राजीव रंजन की शिकायत पर लालू प्रसाद के खिलाफ सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
 
शाह ने गत गुरुवार को पूर्वी चंपारण जिला के रक्सौल में चुनावी रैली को संबोधित करने के दौरान कथित तौर पर कहा था कि अगर भाजपा गलती से बिहार विधानसभा चुनाव में हार जाती है तो पाकिस्तान में पटाखे चलाए जाएंगे। इस पर लालू ने अपने सरकारी आवास 10, सकुर्लर रोड में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्हें कथित तौर पर ‘नरभक्षी’ और ‘पागल’ कहा था।
 
कांटी थाना अध्यक्ष गणपति ठाकुर ने बताया कि एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के विरूद्ध कथित ‘नरभक्षी’ और ‘पागल’ संबंधी टिप्पणी करने पर दंडाधिकारी सुजित कुमार सिन्हा की शिकायत पर लालू प्रसाद के खिलाफ उनके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
 
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी अमित शाह को ‘नरभक्षी’ बताने पर लालू के खिलाफ गत 6 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज हुई थी। (भाषा)