बंद होंगे गंगोत्री के कपाट
ND
गढ़वाल हिमालय में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट छः नवंबर से ठंड के दिनों के मद्देनजर बंद हो जाएँगे। देवी गंगा को समर्पित यह धाम श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट पर्व पर भी बंद रहेगा। श्री गंगोत्री मंदिर समिति के प्रमुख संजीव सेमवाल के मुताबिक यह दिन दीपावली के दूसरे दिन होगा। उत्तरकाशी जिले में दस हजार फुट से अधिक ऊँचाई पर स्थित गंगोत्री धाम को सर्दियों के लिए बंद करने की तिथि शनिवार को तय की गई।
हिमालय में स्थित चार धामों में से गंगोत्री धाम की गिनती बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के साथ होती है। अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक श्रद्धालु तीर्थधाम के दर्शन कर चुके हैं। चूँकि सर्दियों में सारा इलाका बर्फ से ढका होता है इसलिए प्रतिवर्ष अक्टूबर व नवंबर में इस धाम को बंद कर दिया जाता है।
इस दौरान माँ गंगा की मूर्ति को पूजा-अर्चना के लिए समीपवर्ती गाँव मुखबा में रख दी जाती है। अगले वर्ष के अप्रैल-मई में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए धाम के द्वार फिर खुल जाते हैं, जिसके बाद से लाखों दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला करीब छह माह के लिए फिर से शुरू हो जाता है।

