योगा सनबाथ और स्टीमबाथ
बेहतर आरोग्य योग से मिले
ND
आधुनिक युग में बढ़ते तनाव और असंयमित दिनचर्या के चलते लोग अनेक प्रकार के मनोदैहिक विकारों से ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे में बेहतर और सकारात्मक स्वास्थ्य उसे सहज ही योग व प्राकृतिक चिकित्सा से मिल सकता है। खासकर जब गुलाबी सर्दी अपनी दस्तक दे रही हो तो ऐसे में प्राकृतिक चिकित्सा की कई ऐसी विधियां हैं, जो काफी प्रभावी हैं। जिनके कुछ दिनों के अभ्यास से लोग बेहतर स्वास्थ्य पा सकते हैं। वहीं योग विद्या भी जीवन शक्ति बढ़ाने में काफी उपयोगी सिद्ध हो रही है।
सनबाथ व स्टीमबाथ लाभकारी : प्राकृतिक चिकित्सा की विद्या में सनबाथ यानी सूर्य स्नान, जिसमें व्यक्ति को सूर्य की रश्मियों से मिलने वाले गुनगुने सेंक के माध्यम से निरोगी बनाया जाता है, वहीं एक विशेष प्रकार के पात्र में गर्म पानी की वाष्प के द्वारा व्यक्ति को स्टीमबाथ यानी वाष्प से स्नान किया जाता है, ताकि उसके शरीर से विजातीय तत्व स्वेद यानी पसीने के साथ बाहर निकल जाएं।
इस प्रयोग से त्वचा के भीतर भरे अनेक हानिकारक तत्व शरीर से बाहर हो जाते हैं। वहीं आर्म एंड फुटबाथ तथा गर्म मिट्टी की पट्टी भी विशेष रूप से लाभकारी होती है। प्राकृतिक चिकित्सा में अनेक प्रकार की औषधियों से बने गुनगुने तेल की मालिश से भी व्यक्ति को काफी लाभ मिलता है। वहीं रस व आहार चिकित्सा भी इन दिनों काफी लाभ पहुंचाती हैं।
सर्दियों के मौसम को हम स्वास्थ्य की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानते हैं, इसलिए इस मौसम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग प्राकृतिक चिकित्सा की ओर रुख कर रहे हैं। सनबाथ, स्टीमबाथ तथा मसाज इन दिनों काफी लाभ पहुंचाती है।- रविकांत भारद्वाज, प्राकृतिक चिकित्सक
योगाभ्यास करने वाले की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है। यदि आप सही विधि से योग का अभ्यास सर्दियों में करें तो सकारात्मक स्वास्थ्य के साथ कार्यक्षमता में वृद्धि का अनुभव करते हैं।- अमित कुमार ढींगरा, योग प्रशिक्षक (ND)

