1. लाइफ स्‍टाइल
  2. योग
  3. आलेख
  4. युवाओं में बढ़ता नजर का चश्मा

युवाओं में बढ़ता नजर का चश्मा

नेत्र
ND
आँखों के प्रति सभी लापरवाह होते हैं, जब अंधे होने लगते हैं तभी समझ में आता है कि आँखें हैं तो संसार है। आज के आधुनिक युग में प्रदूषण, खान-पान, विटामिन 'ए' की कमी, टीवी, फिल्म, इंटरनेट और कंप्यूटर आदि के अत्यधिक प्रचलन के कारण आँखों पर दबाव बढ़ गया है। इसी के चलते युवाओं में नेत्र रोग बढ़ता जा रहा है।

सभी कंपनियों में आसानी से आपको नंबर का ग्लास पहने युवा नजर आ जाएँगे। भारतीयों में काँचबिंद व मोतियाबिंद के रोग के अलावा दूर या पास की नजर का कमजोर होना अब धीरे-धीरे आम होने लगा है।

प्रदूषण से जहाँ आँखों में जलन, दर्द, घाव और चिपचिपापन बढ़ गया है, वहीं टीवी, फिल्म, कम्प्यूटर से उसकी दूर या पास देखने की क्षमता पर भी असर पड़ा है। अब अच्छी, बड़ी और साफ-सुथरी आँखें कम ही नजर आती हैं। महिलाएँ या लड़कियों की आँखें तो आर्टिफिशियल हो चली हैं। उनका स्वाभाविक रूप भी कम ही नजर आता है। आओ जानते हैं कि आँखों की देखभाल के लिए योग आपकी क्या मदद कर सकता है।

आई केयर : झुककर, लेटकर, कम प्रकाश या ज्यादा प्रकाश तथा आँखों पर दबाव डालकर पढ़ना-लिखना छोड़ दें। पढ़ते या लिखते वक्त प्रकाश बायीं ओर या पीछे से आना चाहिए। नजला, जुकाम, धूल, धुएँ आदि से बचें। देर रात तक जगना, अत्यधिक टीवी देखना बंद करें। कम्प्यूटर पर काम करते वक्त निश्चित दूरी बनाएँ रखें। अक्षरों को बड़ा करके पढ़ें। पलकें झपकाते रहें और हर पाँच मिनट बाद दूर तक देखें। आँखों में धूल का कण पड़ जाए तो उसे मसलें नहीं। ऐसी स्थिति में कुछ कदम पीछे चलते हुए आँखों को झपकाते जाएँ। या फिर आँखों की पलकों को पकड़कर धीरे से बाहर की ओर खींचें। तब खुली आँखों पर पानी के छींटे मारते हुए आँखों को अच्छे से धोएँ।

आई एक्सरसाइज़ : सिद्धासन में बैठकर बिना गर्दन हिलाए आँखों की पुतलियों को ऊपर-नीचे, दाएँ से बाएँ, बाएँ से दाएँ फिर बाएँ नीचे, बाएँ ऊपर, दाएँ नीचे और ऊपर ऐसा 10-10 बार करें। इसके बाद पुतलियों को गोल-गोल क्लॉकवाइज और एंटी क्लॉकवाइज घुमाएँ। फिर आँखों को तेजी से अपलक झपकाने का अभ्यास करें।

इसके बाद पुट्‍ठों के बल बैठकर हाथों की हथेलियों को कटोरीनुमा बनाएँ तब हाथों की अँगुलियों को एक-दूसरे पर रखते हुए हथेलियों से आँखें इस तरह ढाँकें क‍ि हथेलियाँ और आँखों की पलकों के बीच सूतभर या आधा इंच का ही फासला रह जाए। इससे पामिंग करते हैं। फिर धीरे से हाथों की हथेलियों को हटाते हुए आँखें खोल दें। इसके बाद ठंडे-साफ पानी से आँखें धोएँ। चाहें तो ठंडे पानी की आँखों पर पट्टी रखें।

अन्य उपाय : आँखों को हलके नमक के पानी या त्रिफला से धोएँ। कान में तेल, नाक में शुद्ध घी और आँखों में शहद की दो बूँद कभी-कभी डालने से आँखें स्वस्थ रहती हैं, लेकिन ऐसा आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह अनुसार ही करें। प्रतिदिन पाँच से दस मिनट का ध्यान करे जो आपकी आँखों से तनाव को हटा देगा।

योगा पैकेज : प्राणायम में अनुलोम-विलोम, योगासनों में आँखों का व्यायाम, उष्ट्रासन, हलासन, ब्रह्ममुद्रा, सर्वांगासन, शीर्षासन और अर्ध मत्स्येंद्रासन करें। इसके अलावा सूत्र और जल नेति का अभ्यास भी आँखों के लिए लाभदायक होता है।
लेखक के बारे में
अनिरुद्ध जोशी 'शतायु'
पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों से साहित्य, धर्म, योग, ज्योतिष, करंट अफेयर्स और अन्य विषयों पर लिख रहे हैं। वर्तमान में विश्‍व के पहले हिंदी पोर्टल वेबदुनिया में सह-संपादक के पद पर कार्यरत हैं। दर्शनशास्त्र एवं ज्योतिष: मास्टर डिग्री (Gold Medalist), पत्रकारिता: डिप्लोमा। योग, धर्म और ज्योतिष में विशेषज्ञता।.... और पढ़ें