फिट रहने का हिट फार्मूला
डॉयनामिक योगा एक्सरसाइज
ND
अंग संचालन या योगासन तीन तरीके से करते हैं- A.बैठकर B.लेटकर और C.खड़े रहकर। बैठकर किए जाने वाले की शुरुआत दंडसन से, लेटकर किए जाने वाले की शुरुआत शवासन और मकरासन से और खड़े रहकर किए जाने वाले अंग संचालन की शुरुआत ताड़ासन या नमस्कार मुद्रा से।
दंडासन में दोनों पैरों को सामने की तरफ सीधा रखा जाता है। कमर से हाथों को सटाकर और हथेलियों को भूमि पर जमा देते हैं। कमर और हाथ को सीधा रखा जाता है। फिर क्रमश: पैर के पंजे, एड़ी, घुटनें, नितंब, पेट, पीठ, हाथ के पंजे, कोहनी, छाती, कंधा, गर्दन और आँखों की एक्सरसाइज़ की जाती है। शवासन, मकरासन और सावधान पोश्चर के बारे में सभी जानते हैं।
*पंजे एवं एड़ी की एक्सरसाइज :
स्टेप 1- दंडासन में बैठकर पैरों के अँगुठे और अँगुलियों को आगे फिर पीछे की ओर धीरे-धीरे बलपूर्वक दबाएँ। एड़ियाँ स्थिर रखें। फिर पूरे पंजे को एड़ी सहित आगे एवं पीछे दबाएँ। आगे दबाते हुए एड़ी का जमीन पर घर्षण होगा। यह अभ्यास साईटिका पेन तथा घुटनों के लिए उपयोगी है। इस अभ्यास को 8-10 बार करें।
स्टेप 2- दोनों पैरों को थोड़ी दूरी पर रखें। फिर पहले दाहिने पैर की एड़ी को स्थिर रखते हुए पंजे को दाएँ से बाईं दिशा में गोलाकर घुमाएँ। फिर बाएँ से दाहिने घुमाएँ। इस अभ्यास को 8-10 बार दोहराएँ। इसी प्रकार दूसरे पैर से अभ्यास करें और फिर दोनों पैरों को मिलाकर एक साथ करें। दोनों स्टेप के दौरान हाथ की हथेलियाँ भूमि पर ही कमर से सटाते हुए जमाएँ रखें।
*घुटने एवं नितंब की एक्सरसाइज :
स्टेप 1- दाएँ पैर को मोड़कर बाईं जँघा पर रखें, बाएँ हाथ से दाहिने पंजे को पकड़े तथा दाएँ हाथ को दाएँ घुटने पर रखें। अब दाएँ हाथ को दाएँ घुटने के नीचे लगाते हुए घुटने को ऊपर उठाकर छाती से लगाए तथा घुटने को दबाते हुए जमीन पर टिका दें। इस तरह ऊपर और नीचे 8-10 बार करें। इसी प्रकार इस अभ्यास को विपरीत बाएँ पैर को मोड़कर दाएँ जँघा पर रखकर पहले के समान करें।
स्टेप 2- अंत में दोनों हाथों से पंजों को पकड़कर घुटनों को भूमि पर स्पर्श कराएँ और ऊपर उठाएँ। इस प्रकार कई बार इसे दौहराएँ करें। नितम्ब के जोड़ को स्वस्थ करने के लिए तथा वहाँ बढ़ी चर्बी को कम करने के लिए यह अभ्यास किया जाता है। इससे पद्मासन करने में भी सरलता होगी।
*अँगुलियों के लिए एक्सरसाइज :
स्टेप 1- दंडासन में बैठकर दोनों हाथों को सामने फैलाकर हथेलियों को भूमि की ओर रखें। फिर अँगुलियों को बलपुर्वक धीरे-धीरे मोड़ें और सीधा करें। अर्थात मुठ्ठी बंद करना ओर खोलना। इस अभ्यास को 8-10 कर सकते हैं।
स्टेप 2- इसके पश्चात अँगुठे को मोड़कर अँगुलियों से दबाते हुए मुक्के जैसी आकृति बनाएँ, फिर धीरे-धीरे खोलें। इस प्रकार 10-12 बार कर सकते हैं।
स्टेप 3- अँगुठे को मोड़कर अँगुलियों से दबाते हुए दोनों हाथों की मुठ्ठियाँ बन्द करके सामने कंधे के समानान्तर सीधा रखें तथा मुठ्ठियों को क्लाकवाइज और एंटीक्लाकवाइज घुमाएँ। कोहनियाँ सीधी रहनी चाहिए। इस अभ्यास को 4-6 बार कर सकते हैं।
स्टेप 4- दोनों हाथों को सामने फैलाकर हाथों के अँगुठे को बारी- बारी से सभी अँगुलियों से स्पर्श कराएँ। जैसे हम अँगुलियों पर गिनति गिनते हैं उसी तरह। ऐसा 8-10 बारे करें।
स्टेप 5- अँगुलियों के पृष्ठ भाग के नाखुन आले हिस्से को अँगुठे से दबाएँ। इस एक्सरसाइज़ में प्रत्येक अँगुली से शून्य की आकृति बनेगी। एक हाथ से 4 से 6 बार करें।
*हृदय, कोहनी, हाथ, गर्दन और सोल्डर के लिए एक्सरसाइज :
स्टेप 1- दोनों हाथों की हथेलियों को ऊपर की ओर करते हुए हाथों को सामने फैलाएँ। अब कोहनी को मोड़ते हुए अँगुलियों को मिलाते हुए दाएँ कंधे पर दाएँ हाथ की अँगुलियाँ और बाएँ पर बाईं अँगुलियाँ स्पर्श करें। फिर पुन: हाथों को सीधा कर दें। ऐसा चार से छह बार करें।
स्टेप 2- इसी अभ्यास को हाथों को दोनों कंधों के समानांतर फैलाकर भी करें। जैसे पहली स्टेप में हाथ ऊपर की ओर थे। अब सामने रखें और फिर कंधों के समानांतर फैलाकर कोहनी को मोड़कर यह अभ्यास करें।
स्टेप 3- दोनों हाथों की हथेलियों को दोनों कंधों के समानांतर फैलाएँ। अब कोहनी को मोड़ते हुए अँगुलियों को मिलाते हुए दाएँ कंधे पर दाएँ हाथ की अँगुलियाँ और बाएँ पर बाईं अँगुलियाँ स्पर्श करें।
स्टेप 4- अब कोहनियों को क्लाकवाइज और एंटी क्लाकवाइज घुमाएँ। ऐसा चार से छह बार करें। फिर दोनों कोहनियों को छाती के सामने एक-दुसरे से स्पर्श करते हुए क्लाकवाइज और एंटी क्लाकवाइज घुमाएँ।
स्टेप 5- दोनों हाथों की मुठ्ठी बन्द करके छाती के पास इस प्रकार रखें कि अँगुलियों के पीछे वाले भाग आपस में लगे हुए हों।
स्टेप 6-अब मुठ्ठी बंध दोनों हाथों की अँगुलियों को दबाते हुए फिर कोहनियों को पीठ के पीछे ले जाए। इस प्रक्रिया से आपकी छाती खुलेगी। फिर धीरे धीरे पुन: बंद मुठ्ठियों को छाती के पास लाकर मिला दें। इस प्रक्रिया को मुठ्ठियाँ खोलकर भी कर सकते हैं।
स्टेप 7- अब दाएँ हाथ से बाएँ हाथ के कंधे को और बाएँ हाथ से दाएँ हाथ के कंधे को पकड़े और हाथों से कंधों को दबाते हुए परे हाथ को कलाइयों तक दबाएँ। यह एक्सरसाइज़ भी चार से छह बार करें।
WD
स्टेप 1. दंडासन में बैठकर ही गर्दन को पहले दाँईं ओर घुमाकर ठोड़ी को दाएँ कंधे की सीध में लाने का प्रयास करें। इसी तरह गर्दन को घुमाकर बाईं ओर ले जाकर बाएँ कंधे की सीध में रखें।
स्टेप 2- इसके पश्चात गर्दन को सामने लाकर आगे की ओर झुकाते हुए ठोड़ी को छाती से लगाइए फिर धीरे-धीरे पीछे ऊपर उठाकर पीछे की ओर यथाशक्ति झुकाएँ। अन्त में गर्दन को दोनों दिशाओं में गोलाकर घुमाएँ। क्लाकवाइज और एंटी क्लाकवाइज।
स्टेप 3- दाएँ ओर की हथेली को दाईं ओर कान के ऊपर सिर पर रखकर हाथ से सिर को दबाएँ तथा सिर से हाथ की ओर दबाव डालें। इस प्रकार हाथ से सिर को तथा सिर से हाथ को एक दूसरे के विरुद्ध दबाने से गर्दन में एक कम्पन होता है। इस प्रकार 4-5 बार दबाव डालकर बाईं ओर से इस क्रिया को करना चाहिए।
स्टेप 4- अन्त में दोनों हाथों की अँगुलियों को एक दूसरे में डालते हुए हाथों से सिर को ओर सिर से हाथों को दबाए। ऐसा करते हुए सिर तथा गर्दन सीधी रहनी चाहिए। विरुद्ध दबाव से मात्र एक कम्पन होगा जो कि गर्दन के लिए तथा वहाँ पर रक्त संचार को सुचारु करने के लिए आवश्यक है।
*पेट, कमर और पीठ के लिए एक्सरसाइज़ :
स्टेप 1- दोनों पैरों को थोड़ा खोलकर सामने फैलाए। दोनों हाथों को कंधों के समकक्ष सामने उठाकर रखें। फिर दाहिनें हाथ से बाएँ पैर के अँगूठे को पकड़े एवं बाएँ हाथ को पीछे की ओर ऊपर सीधा रखें, गर्दन को भी बाईं ओर घुमाते हुए पीछे की ओर देखने का प्रयास करें। इसी प्रकार दूसरी ओर से करें। इन दोनों अभ्यासों से कमर दर्द व पेट स्वस्थ होता है तथा कमर की बढ़ी हुई चर्बी दूर होती है, परन्तु जिनको अत्यधिक कमर दर्द है वे इस अभ्यास को न करें।
स्टेप 2- दोनों हाथों से एक दूसरे हाथ की कलाई पकड़कर ऊपर उठाते हुए सिर के पीछे ले जाएँ। श्वास अन्दर भरते हुए दाएँ हाथ से बाएँ हाथ को दाहिनी ओर सिर के पीछे से खीचें। गर्दन व सिर स्थिर रहे। फिर श्वास छोड़ते हुए हाथों को ऊपर ले जाएँ। इसी प्रकार दूसरी ओर से इस क्रिया को करें।
स्टेप 3- घुटने और हथेलियों के बल बैठ जाएँ। जैसे बैल या बिल्ली खड़ी हो। अब पीठ को ऊपर खिठचें और गर्दन झुकाते हुए पेट को देखने का प्रयास करें। फिर पेट व पीठ को नीचे खिंचे तथा गर्दन को ऊपर उठाकर आसमान में देंखे। यह प्रक्रिया 8-12 बार करें।
*पाचन संस्थान के लिए एक्सरसाइज़ :
स्टेप 1- सावधान की मुद्रा में खड़े हो जाएँ फिर दोनों होथों की हथेलियों को एक-दूसरे में फँसाते हुए उन्हें सिर के ऊपर की ओर ले जाएँ और हथेलियों को आकाश की ओर कर दें। अब एक बार स्वयं के शीर को दाएँ झुकाएँ फिर बाएँ। ऐसा 8 से 12 बार करें।
स्टेप 2- कुछ दूरी पर पैरों को फैलाकर विश्राम की मुद्रा में खड़े हो जाएँ और दोनों हाथों को सामने फैला दें। फिर शरीर को कमर से मोड़ते हुए हाथों को पहले दाएँ ले जाएँ इस तरह की बाएँ हाथ कि हथेलियाँ दायाँ कंधा छू ले। फिर हाथों को सीधा करते हुए बाएँ लें जाएँ। इस प्रक्रिया को भी 8 से 12 बार करें।
स्टेप 3-सावधान मुद्रा में खड़े हो जाएँ। दोनों हाथों की हथेलियों को कमर पर रखें और फिर कमर को क्लाकवाइज और एंटीक्लाकवाइज घुमाएँ।
स्टेप 4- पेट के बल मकरासन की स्थिति में लेट जाएँ। फिर हाथ की हथेलियों को भूमि कर दबाते हुए सर्पासन की तरह शरीर को भूमि से उठा लें जिससे बाजू पूर्ण रूप से सीधे हो जाएँ। अब अपने सिर और छाती दाएँ को घुमाकर पैरों को देखने का प्रयास करें। फिर बाएँ घुमाकर पैरों को देंखे। इस प्रक्रिया को 6 से 8 बार करें।
स्टेप 5- पंजों के बल बैठ जाएँ। दोनों हाथों की हथेलियों को घुटनों पर रख लें। फिर दाएँ पैर को उठकर पगथलियों को भूमि पर टिकाएँ अर्थात हनुमान स्टाइल में बैठ जाएँ लेकिन हथेलियों को घुटने से अलग न करें। फिर गर्दन और छाती घुमाकर पीछे देंखे। कुछ देर इसी स्थिति में रहने के बाद यही प्रक्रिया बाएँ पैर को भूमि पर रखकर करें। इसे 8 से 12 बार कर सकते हैं।
*आँख, आई ब्रो, गाल और कान के लिए एक्सरसाइज़ :
स्टेप 1- गर्दन को सीधा रखकर आँखों की पुतलियों को पहले चार से छह बार ऊपर-नीचे और फिर दाएँ-बाएँ घुमाएँ। तत्पश्चात चार से छह बार दाएँ-बाएँ गोलाई में घुमाएँ अर्थात क्लाकवाइज और एंटी क्लाकवाइज।
स्टेप 1- आई ब्रो को भृकुटि के अर्थात दोनों आई ब्रो के मध्य स्थान से अँगूठे और तर्जनी अँगुली से पकड़कर हल्के से दबाएँ।
स्टेप 2- मुँह में हवा भर लें। उस हवा को चार से छह बार दाएँ-बाएँ घुमाएँ फिर चार-छह बार हवा भरें और निकाले। गालों का हल्के से हथेलियों से थपथपाएँ। फिर थोड़ी को हाथ के पृष्ठ भाग से थपथपाएँ।
स्टेप 2- दाएँ हाथ की अँगुलियों से दायाँ और बाएँ से बाया कान पहले नीचे से पकड़कर मरोड़े और फिर ऊपर से पकड़ कर मरोड़े। फिर कुछ देर के लिए कानों के दोनों छिद्र अँगुलियों से बंद कर दें।
लाभ : यह एक्सरसाइज़ पूरे हाथ, सर्वाइकल स्पोंडोलाइटिस, फ्रोजन सोल्डर, जोड़ों का दर्द, साइटिका, नेत्र रोग, तनाव, सिरदर्द, गर्दन का दर्द, कमर दर्द, पीठ दर्द, पेट के रोग, कमजोर बोन, कमजोरी, रक्त अशुद्धता, आलस्य, कब्ज आदि रोगों में लाभदायक है।
अंतत: और भी हैं अनेकों एक्सरसाइज़, लेकिन इतने से ही तन और मन को अत्यधिक लाभ पहुँचाया जा सकता है।
1. आसन की शुरुआत से पूर्व

