ध्यान से मिटाएँ रोग और शोक
योग का सातवाँ अंग है- ध्यान
ND
ध्यान घटित हो जाए इसी के लिए ध्यान की सैंकड़ों विधियाँ होती है। भगवान शंकर ने माँ पार्वती को 112 विधियाँ बताई थी जो 'विज्ञान भैरव तंत्र' में संग्रहित हैं। इन विधियों के माध्यम से ध्यान को जाग्रत किया जा सकता है। इसके अलावा जैन, बौद्ध तथा साधु संगतों में हजारों विधियों का प्रचलन है।
रोग और शोक : रोग को शारीरिक बीमारी कहते हैं और शोक को सभी तरह के मानसिक दुख। दोनों की ही उत्पत्ति मन, मस्तिष्क और शरीर के किसी हिस्से में होती है। ध्यान से सर्वप्रथम सभी तरह की अनावश्यक गतिविधि रूकने लगती है। श्वास-प्रश्वास में सुधार होने से किसी भी तरह के दुख के मामले में हम आवश्यकता से अधिक चिंता नहीं करते। ध्यान मन और मस्तिष्क को भरपूर ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देता है। शरीर भी स्थित होकर रोग से लड़ने की क्षमता प्राप्त करने लगता है।
ध्यान की शुरुआत : ध्यान का संबंध मौन से है। चुप रहकर, कुछ भी नहीं सोचते हुए, स्वयं के आसपास की गतिविधियों तथा स्वयं के बॉडी मूवमेंट का अवलोकन करते रहने से भी जागरूकता का विकास होता है। आप चाहे तो आँखें बंद करके बैठ जाएँ और श्वास-प्रश्वास को ध्यानपूर्वक महसूस करते रहें। मौन होना ध्यान की शुरुआत के लिए जरूरी है।
ध्यान का स्थान : वैसे तो ध्यान करने हेतु शुरुआत में स्थान की आवश्यकता होती है, लेकिन जब व्यक्ति ध्यान सीख जाता है तब वह 24 घंटे ही ध्यान की स्थिति में रह सकता है। ध्यान करने का स्थान ऐसा हो जहाँ शोरगुल और प्रदूषण न हो। स्थान साफ-सुथरा और सामान्य तापमान वाला हो। आप कानों में रुई लगाकर शोरगुल से बच सकते हैं। मच्छरदानी लगाकर मच्छरों से बच सकते हैं, लेकिन यदि हवा में प्रदूषण है तो कैसे बचेंगे यह तय करें।
ध्यान और विचार : जब आँखें बंद करके बैठते हैं तो अक्सर यह शिकायत रहती है कि जमाने भर के विचार उसी वक्त आते हैं। अतीत की बातें या भविष्य की योजनाएँ, कल्पनाएँ आदि सभी विचार मक्खियों की तरह मस्तिष्क के आसपास भिनभिनाते रहते हैं। इससे कैसे निजात पाएँ? माना जाता है कि जब तक विचार है तब तक ध्यान घटित नहीं हो सकता।
अब कोई मानने को भी तैयार नहीं होता कि निर्विचार भी हुआ जा सकता है। कोशिश करके देखने में क्या बुराई है। ओशो कहते हैं कि ध्यान विचारों की मृत्यु है। आप तो बस ध्यान करना शुरू कर दें। जहाँ पहले 24 घंटे में चिंता और चिंतन के 30-40 हजार विचार होते थे वहीं अब उनकी संख्या घटने लगेगी। जब पूरी घट जाए तो बहुत बड़ी घटना घट सकती है।
1.ध्यान क्या है?
2.बड़े ध्यान का बड़ा जादू

