चेहरे की झुर्रियाँ मिटाएँ
IFM
स्टेप 1- पहले सावधान मुद्रा में खड़े होकर फिर पैरों को एक फुट की दूरी पर फैला लें। चेहरे को हथेलियों से ढँक लें और 10 बार तेज गहरी श्वास लें। इसके बाद चेहरे, आँखों और माथे को हल्के-हल्के दो मिनट तक अँगलियों से रगड़ें।
स्टेप 2- मुँह से लंबी श्वास खींचें और एक मिनट के लिए अंदर ही रोकें। फिर हवा को धीरे-धीरे नाक से बाहर निकाल दें। इस क्रिया को कम से कम पाँच बार करें।
स्टेप 3- आँखों के लिए जीभ को यथासंभव बाहर निकालकर आँखों को लगभग एक मिनट तक जितना हो सके फैलाने का प्रयास करें। इससे आँखों के नीचे की झुरियाँ हटती हैं और आँख संबंधी परेशानी दूर होती है।
स्टेप 4- झुरियाँ मिटाने में योग की कपोल शक्ति विकासक विधि कारगर है। इसके लिए पहले दोनों हाथों की अँगुलियों के अग्रभाग को आपस में मिलाते हैं। फिर दोनों अँगूठों से नाक के दोनों छेद को बंद कर लेते हैं। इस दौरान दोनों कोहनियों को कंधों की सीध में रखें।
अब मुँह को चोंच की तरह बनाते हुए श्वास लेते हैं और गाल फुलाते हैं और ठोड़ी को छाती की ओर दबाते हैं। इस दौरान छोटी अँगुली छाती से स्पर्श रहेगी। फिर कुछ पल के लिए आँखें बंद करते हुए इस स्थिति में पाँच सेकेंड श्वास रोककर रह सकते हैं।
फिर आँखें खोलते हुए गर्दन सीधी करते हैं। अँगूठों को नाक से हटाकर श्वास को धीरे-धीरे बाहर निकाल देते हैं। इस क्रिया को पाँच बार दोहरा सकते हैं।
इसके लाभ : उक्त क्रिया के अभ्यास से पिचके हुए गाल भर जाते हैं। झाइयाँ और आँखों के नीचे का कालापन दूर होता हैं। गाल पर होने वाले मुहाँसे, फुंसियाँ आदि का निकलना बंद हो जाता है और गाल पर लाली छा जाती है। चेहरे की ग्लोइंग एंड सॉफ्ट स्किन हो जाती है।
आप चाहें तो कुंजल क्रिया, जलनेति, योग मुद्रा, विपरीत करणी, सर्वांगासन, हलासन, मत्स्येन्द्रासन, सुप्त कटि चक्रासन, सुप्त कोणासन, पश्चिमोत्तानासन और उत्तानापादासन कर सकते हैं। उक्तरोक्त सभी कुछ किसी योग प्रशिक्षक की देखरेख में ही करें।
योगा पैकेज : सबसे पहले तनाव को दूर रखते हुए अच्छा फील करें। मसालेदार भोजन छोड़कर भोजन को शुद्ध प्रोटिनयुक्त तथा सात्विक बनाएँ। सलाद का उपयोग ज्यादा करें। नेगेटिव सोच को स्वयं पर हावी न होने दें। प्राणायाम, मौन और ध्यान का नियमित अभ्यास करें।

