गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2021
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021
  4. Popularity of Modi and Mamata in west bengal election
Written By
Last Modified: शनिवार, 10 अप्रैल 2021 (15:56 IST)

बंगाल में एक समान है मोदी और ममता की लोकप्रियता, प्रशांत किशोर के ऑडियो क्लिप पर बवाल

बंगाल में एक समान है मोदी और ममता की लोकप्रियता, प्रशांत किशोर के ऑडियो क्लिप पर बवाल - Popularity of Modi and Mamata in west bengal election
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 44 विधानसभा सीटों के लिए चल रहे मतदान के बीच भाजपा द्वारा एक ऑडियो क्लिप जारी किए जाने के बाद शनिवार को नया विवाद पैदा हो गया है। इस ऑडियो क्लिप में तृणमूल कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर को कथित रूप से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जितने ही लोकप्रिय हैं।
 
कुछ पत्रकारों के साथ किशोर की बातचीत का अंश साझा करते हुए भाजपा के सूचना एवं प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने अपना चुनाव गंवा दिया है।
 
किशोर ने भाजपा को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘क्लबहाउस’ पर पूरा चैट जारी करने की चुनौती दी है और दावा किया है कि वर्तमान विधानसभा चुनाव में भगवा पार्टी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी।
 
इस क्लिप में किशोर को कहते हुए सुना जा सकता है कि मोदी बंगाल में बहुत लोकप्रिय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है। वह ममता बनर्जी जितने लोकप्रिय हैं।
 
ऑडियो क्लिप जारी करने के बाद मालवीय ने ट्वीट किया, ‘मोदी बंगाल में बहुत लोकप्रिय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है। देश भर में उनके प्रशंसक हैं। तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ लहर है, ध्रुवीकरण वास्तविकता है, अनुसूचित जाति का वोट भाजपा के पक्ष में है, ऐसा ममता बनर्जी के रणनीतिकार ने अपनी खुली बातचीत में कहा है।‘
 
उन्होंने लिखा है, ‘क्ल्बहाउस पर सार्वजनिक चैट के दौरान ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार ने माना कि तृणमूल के आंतरिक सर्वेक्षण के हिसाब से भी भाजपा जीत रही है। वोट मोदी के लिए है, ध्रुवीकरण सच्चाई है, अनुसूचित जाति (बंगाल की आबादी का 27 फीसद हिस्सा), मतुआ सभी भाजपा के लिए वोट डाल रहे हैं। भाजपा का कैडर जमीनी स्तर पर मौजूद है।‘
 
किशोर ने भाजपा का मजाक बनाते हुए कहा कि भगवा पार्टी अपने नेताओं की बातों की जगह उनकी बातें ज्यादा गंभीरता से ले रही है।
 
किशोर ने ट्वीट किया, ‘मुझे खुशी है कि भाजपा मेरी बातों को अपने नेताओं के मुकाबले ज्यादा गंभीरता से ले रही है। उन्हें हिम्मत दिखानी चाहिए और पूरा चैट साझा करना चाहिए, सिर्फ कुछ हिस्से का इस्तेमाल कर उत्साहित नहीं होना चाहिए।‘ (भाषा)
ये भी पढ़ें
पंजाब में केवल 5 दिन का कोरोना के टीके का भंडार, केंद्र सरकार से की मदद की अपील