1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. yogi-adityanath-x-post-bangladesh-model-regime-change-opposition-attack-democracy

बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता हथियाने का सपना... CM योगी ने X पर लिखा तीखा संदेश, युवाओं को लेकर दी चेतावनी

Yogi adityanath in ayodhya
CM Yogi X post: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश में अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली ताकतों पर करारा हमला बोला है। बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में अस्थिरता पैदा करने की कोशिशों की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग केवल जनता के जनादेश से तय होता है, न कि किसी अराजकता या षड्यंत्र से। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का लोकतंत्र जनविश्वास की बेहद मजबूत जड़ों पर टिका हुआ है और इसे किसी भी षड्यंत्र के जरिए डिगाया नहीं जा सकता।

बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का स्वप्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ विघटनकारी शक्तियां बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी सत्ता परिवर्तन का स्वप्न देख रही हैं। ये शक्तियां युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल थमाने के बजाय उन्हें अराजकता का औजार बनाने की साजिश रच रही हैं।
CM योगी ने कहा कि युवाओं का सामर्थ्य देश का भविष्य संवारने के लिए है, न कि किसी की राजनीतिक भूख और कुर्सी की चाहत को पूरा करने के लिए। राष्ट्र निर्माण में युवाशक्ति की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि देश ऐसी किसी भी सियासी साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देगा।

अस्थिरता फैलाने की साजिश

चुनाव सुधार और लोकतंत्र की आड़ में देश को गुमराह करने वालों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव सुधार का मुखौटा लगाकर, न्याय का नारा देकर और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र जनविश्वास की जड़ों पर खड़ा एक विशाल वटवृक्ष है। षड्यंत्रों का कोई भी अंधड़ इसे हिला नहीं सकता।

मारीचों और कालनेमियों को पहचान चुकी है जनता

अपने वक्तव्य में सांस्कृतिक और पौराणिक संदर्भों का उपयोग करते हुए मुख्यमंत्री ने विरोधियों को 'मारीच' और 'कालनेमि' की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता-जनार्दन राजनीति के इन मारीचों और कालनेमियों के वास्तविक चेहरे को भली-भांति पहचान चुकी है।
 
उन्होंने आगे कहा कि जनता ने ही इन्हें पहचानकर सत्ता से दूर का रास्ता दिखाया है। अब जब ये सीधे तौर पर चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं, तो देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में केवल जनादेश का सम्मान होता है और अराजकता के बल पर सत्ता हासिल करने की कोई भी कोशिश पूरी तरह निष्फल रहेगी।
 
अगला लेख
सौरभ और आशुतोष के बाद क्या अभिजीत दीपके भी जाएंगे जेल? झंडेवालां स्थित घर पहुंची दिल्ली पुलिस