सोमवार, 22 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Yogi Adityanath said that UP has become a riot-free state
Written By
Last Updated : सोमवार, 24 अप्रैल 2023 (18:36 IST)

योगी ने किया दावा, 6 सालों में यूपी बना दंगामुक्त राज्य, कानून व्यवस्था पूरे भारत में सबसे अच्छी

योगी ने किया दावा, 6 सालों में यूपी बना दंगामुक्त राज्य, कानून व्यवस्था पूरे भारत में सबसे अच्छी - Yogi Adityanath said that UP has become a riot-free state
  • योगी आदित्यनाथ का दावा
  • यूपी बना दंगामुक्त राज्य
  • किसानों को 6 हजार रु. प्रतिमाह
Yogi Adityanath सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सोमवार को कहा कि पिछले 6 साल में उत्तरप्रदेश (Uttar Pradesh) की कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और यह प्रदेश दंगामुक्त और भयमुक्त बनने में सफल हुआ है। महाराज सिंह डिग्री कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार में कानून व्यवस्था पूरे भारत में सबसे अच्छी है।
 
उन्होंने कहा कि नागरिकों को भयमुक्त और सम्मान से जीने का अवसर मिल रहा है। व्यवसायियों, उद्यमियों और कारोबारियों को अपने व्यवसाय को चलाने और आगे बढ़ाने में सभी तरफ से प्रोत्साहन मिल रहा है।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर और उत्तरप्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। पहले की सरकारों में आए दिन दंगे-फसाद होते रहते थे। नौजवान पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते थे। बेटियों को लेकर माता-पिता अक्सर चिंतित रहते थे। आज भाजपा सरकार ने भयमुक्त वातावरण दिया हैं।
 
उन्होंने कहा कि 2017 में उनकी सरकार बनने से पहले इस जनपद की हर तरह से घोर उपेक्षा हुई थी। बिजली आपूर्ति और सड़कों की दुर्दशा दयनीय थी। गन्ना भुगतान समय पर नहीं होता था। सहारनपुर का विश्वप्रसिद्ध काष्ठ उद्योग मंदी और बेरोजगारी का शिकार था। उनकी सरकार ने सहारनपुर में माता शाकम्बरी राज्य यूनिवर्सिटी सहारनपुर में बनाने का काम किया जिसके 2 सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। पहले यहां के छात्रों को उच्च शिक्षा एवं डिग्री के लिए मेरठ की दौड़ लगानी पड़ती थी। अब यहां के छात्रों को माता शाकम्बरी के फोटो और आशीर्वाद वाली डिग्री मिलेगी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के अभी तक के 6 वर्षों के कार्यकाल में 54 लाख से अधिक लोगों को आवास मिला है। 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय की सुविधा मिली है। 1 करोड़ 75 लाख गरीबों को फ्री रसोई गैस के कनेक्शन मिले हैं। 1 करोड़ 55 लाख गरीब परिवारों को फ्री बिजली कनेक्शन देने का काम किया है। प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 लाख रुपए का सालाना बीमा कवर योजना केंद्र और राज्य सरकार दे रही है।
 
योगी ने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय निकायों में विकास करने वाली भाजपा के उम्मीदवारों को जिताएं, उनकी सरकार स्थानीय निकायों को नगर विकास के लिए भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।  सहारनपुर में 2014 से पहले गुरुद्वारे की भूमि को लेकर दंगा हुआ था और कर्फ्यू लगा था। आज सहारनपुर ही नहीं, पूरे उत्तरप्रदेश में कहीं भी कर्फ्यू नहीं लगता है।
 
उन्होंने कहा कि पहले कावड़ यात्रा को निकलने नहीं दिया जाता था। आज कावड़ यात्रा पर फूल बरसाए जाते हैं। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे होते थे, अब ऐसा कोई नहीं कर सकता। पहले किसान आत्महत्या करता था और आज प्रतिवर्ष प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6 हजार रुपए मिल रहे हैं।
 
योगी ने कहा कि सहारनपुर माता शाकम्बरी देवी और देवी बाला सुंदरी की पवित्र धरती है। उनकी पार्टी ने 2014 लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव, 2019 में लोकसभा के चुनाव और 2022 में विधानसभा के चुनाव अभियान की शुरुआत सहारनपुर की धरती से ही की है और इन सभी चुनावों में भाजपा को मां शाकम्बरी के आशीर्वाद से भारी सफलता मिली है।
 
उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में 'नो कर्फ्यू नो दंगा, अब यूपी में सब ओर चंगा'। 'माफिया अपराधी हो अतीत, सुरक्षा, खुशहाली, रोजगार का उत्तरप्रदेश बना प्रतीक'। अब कर्फ्यू नहीं कावड़ यात्रा की तैयारी के लिए उत्सव के साथ उत्तरप्रदेश आगे बढ़ता है। अब उपद्रव नहीं, उत्सव हमारी पहचान हैं।
 
सभा स्थल पर मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12.30 बजे पहुंचे, जहां उनका स्वागत भाजपा के मेयर प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, लोक निर्माण मंत्री बृजेश रावत, औद्योगिक राज्यमंत्री जसवंत सैनी आदि ने किया। मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर पहुंचने से पहले मेयर पद के उम्मीदवार डॉ. अजय कुमार ने प्रेस गैलरी में पहुंचकर पत्रकारों से भेंट की और उन्हें नगर निगम को लेकर अपने विजन के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने सभास्थल से नगर विकास रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया।(वार्ता)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
Amritpal Singh Arrest : अमृतपाल सिंह की गिरफ्‍तारी के पीछे भिंडरावाले के भतीजे का कनेक्शन या पत्नी के डर से किया सरेंडर