1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

Mulayam Singh Yadav | यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

Mulayam Singh Yadav
लखनऊ। तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत स्थिर बनी हुई है। यादव को पेशाब नली में संक्रमण के बाद गुरुवार देर रात लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल ने शुक्रवार रात अस्पताल जाकर यादव का हाल लिया।
 
मेदांता के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने शनिवार को बताया कि यादव को संक्रमण की शिकायत के बाद गुरुवार देर रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर अस्पताल लाया गया था। कोरोना संक्रमण के लिए भी उनकी जांच की गई जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
 
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की सख्त निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है और इस वक्त उनकी हालत स्थिर है। उनका अल्ट्रासाउंड और रक्त एवं पेशाब की जांच की जा रही है। इस बीच सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने पिता से मिलने के लिए शुक्रवार रात मेदांता अस्पताल गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव भी थीं।
 
मालूम हो कि मुलायम सिंह यादव करीब 1 महीना पहले भी मेदांता में भर्ती हुए थे। उस वक्त उन्हें आंत में समस्या थी, हालांकि इलाज के बाद उन्हें आराम मिल गया और उन्हें घर भेज दिया गया था। वे अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करते रहते हैं। (भाषा)
अगला लेख
कोरोनावायरस Live Updates : भारत कोरोनावायरस से प्रभावित देशों की सूची में तीसरे नंबर पर