अयोध्या के दीपोत्सव को जल्द मिलेगी UNESCO की वैश्विक मान्यता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- आदि गंगा गोमती लखनऊ की आत्मा है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया है कि अयोध्या का भव्य दीपोत्सव जिस निरंतरता और विशाल पैमाने पर आगे बढ़ रहा है, उससे वह दिन दूर नहीं जब यूनेस्को (UNESCO) भी इसे अपनी वैश्विक मान्यता प्रदान करेगा। राजधानी के गोमतीनगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती उत्सव-2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नदी संस्कृति, लोक आस्था और प्रदेश में आए सकारात्मक बदलावों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
दीपोत्सव और वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का अयोध्या दीपोत्सव दुनिया के बेहतरीन आयोजनों में से एक रहा, जो लगातार दो दिनों तक देश और दुनिया में छाया रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आयोजन को वैश्विक मान्यता तभी मिलती है, जब उससे लोक आस्था, सांस्कृतिक परंपराएं और आम जनमानस सीधे तौर पर जुड़ते हैं।
गोमती की निर्मलता और नदी संस्कृति
आदि गंगा के रूप में मान्य गोमती नदी को 'लखनऊ की आत्मा' बताते हुए सीएम योगी ने इसकी अविरलता और निर्मलता बनाए रखने का आह्वान किया। नदी तट पर होने वाले उत्सवों की शुरुआत गोमती की शुद्धता के संकल्प के साथ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया की तमाम महान सभ्यताएं और संस्कृतियां नदियों के तट पर ही पनपी हैं। भारत तीर्थों की भूमि इसलिए है क्योंकि हमने मानव सभ्यता के उद्गम से ही नदी संस्कृति के महत्व को समझा है।
आयोजकों की सराहना: उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के पावन अवसर पर आठ वर्ष पहले गोमती उत्सव की परिकल्पना करने और इसे भव्य स्वरूप देने के लिए आयोजकों को धन्यवाद दिया।
उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश
प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले संकीर्ण सोच के कारण प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था। सरकार ने इस स्थिति को बदलकर विराट सोच को अपनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को धरातल पर उतारा। यही कारण है कि जिस प्रदेश में पहले उपद्रव होता था, वहां आज चारों तरफ उत्सव ही उत्सव हैं और गोमती उत्सव भी इसी का एक जीवंत उदाहरण है।
इन्हें मिला गोमती गौरव सम्मान : सुनीता मिश्रा, राजेश पांडे, डॉक्टर सुनीता चंद्रा, जयंत कृष्णा, आत्म प्रकाश मिश्र, विनोद मिश्र, अंबिका प्रकाश वाजपेई, सुमित रूंगटा, सूर्यमणि सिंह रैकवार, डॉक्टर आनंद प्रकाश, डॉ सोनिया नित्यानंद, संदीप तिवारी, न्यायमूर्ति रंगनाथ पांडे, सुरेश बहादुर सिंह, अतुल अग्निहोत्री।

