अयोध्या में इस वर्ष दिवाली पर जगमगाएंगे 21 लाख दीप, योगी ने दिए निर्देश
Chief Minister Yogi Adityanath in Ayodhya: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जाकर राम मंदिर निर्माण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने इस वर्ष अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान 21 लाख दिए जलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अगले वर्ष प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में विराजमान होंगे, लिहाजा इसे एक बड़ा आयोजन बनाने के लिए अभी से काम शुरू किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा में कहा कि इस वर्ष अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर 21 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य रखा जाए।
उन्होंने कहा कि राम जी की पैड़ी, सूरजकुंड, भरत कुंड सहित सभी मंदिरों, घाटों में दीप प्रज्ज्वलन के लिए अभी से तैयारी की जाए। अगले वर्ष प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में विराजमान होने के लिए आने वाले हैं। इसे एक बड़ा आयोजन बनाने के लिए अभी से काम शुरू कर दें। गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान 15.76 लाख दिए प्रज्ज्वलित किए गए थे। इसे विश्व कीर्तिमान के तौर पर दर्ज किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में इस वक्त लगभग 32 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य हो रहे हैं। इतनी परियोजनाएं देश के किसी एक नगर या जिले में नहीं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि अगले 4 से छह माह के भीतर अयोध्या की सड़कें दिल्ली के राजपथ जैसी दिखेंगी और यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी इसी वर्ष तैयार हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही अयोध्या है जिसका छह वर्ष पूर्व लोग नाम लेने में भी संकोच करते थे, आज यहां सूरजकुंड, गुप्तारघाट, भरत कूप सहित विभिन्न स्थल विकसित हो रहे हैं, जो इसे दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों से लोगों को परेशानी हो रही होगी, लेकिन किसी बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रारंभिक कठिनाई और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, यहां के लोगों का पुनर्वास किया जाएगा।
राम जन्मभूमि में दर्शन : मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने अयोध्या मे चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए। उन्होंने गुप्तार घाट का निरीक्षण किया। हनुमान गढ़ी व रामजन्म भूमि का किया दर्शन-पूजन साथ ही राम मंदिर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
योगी ने अयोध्या के भरत कुंड मे विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या मे बहुत-सी परियोजनाएं चल रही है। एक ही नगर में 32 हजार करोड़ की परियोजनाएं देश के अन्य किसी नगर में स्वीकृत नहीं हैं। अयोध्या आज बदल रही है, संवर रही है, हर कोई अयोध्या आना चाहता है, हर कोई अयोध्या को देखने के लिए लालायित रहता है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

