Daily Horoscope
Sun, 8 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. Uttar Pradesh assembly elections 2017, Amit Shah

अमित शाह को दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का अनुमान

Uttar Pradesh assembly elections 2017
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को दावा किया कि उत्तरप्रदेश राज्य विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल कर उनकी पार्टी सरकार बनाएगी।
जिले के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि सूबे में भाजपा की आंधी चल रही है और 11 मार्च को चुनाव नतीजे आने पर समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का सूपड़ा साफ हो जाएगा जबकि भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल होगा।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद पिछले 60 सालों तक देश को जमकर लुटा। मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 10 सालों तक एक गूंगा प्रधानमंत्री दिया। भाजपा ने 2014 में मोदी के रूप में एक ऐसा प्रधानमंत्री दिया जिसकी बात देश की जनता सुनती और समझती है।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 15 सालों में सपा और बसपा ने उत्तरप्रदेश को बरबादी की गर्त में ढकेल दिया तथा इस दौरान देश के अन्य राज्य कहां से कहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री कहते हैं कि काम बोलता है, क्या काम किया है? मैं बताता हूं। खून और हत्या के मामले में उत्तरप्रदेश को नंबर एक बना दिया है। अब 2 शहजादे इकट्ठा हो गए हैं। एक से बाप परेशान है, तो एक से मां से। दोनों से उत्तरप्रदेश परेशान है। सारा पैसा बुआ, भतीजे और चाचा खा गए।
 
शाह ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को भाजपा सरकार से सवाल पूछने की बजाय पता होना चाहिए कि उनके नाना-नानी, पिता और माता ने 60 सालों तक देश में हुकूमत की। इस दौरान केवल गरीबों का शोषण और दोहन किया गया।
 
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा विकास नहीं कर सकती है। केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों के घर में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जिनमें 1 लाख 15 हजार कनेक्शन केवल आजमगढ़ को दिए गए। मोदी सरकार पिछले ढाई सालों में 93 योजनाएं लाई है, हालांकि उत्तरप्रदेश सरकार की हीला-हवाली और भ्रष्टाचार के चलते सारी योजनाओं का पैसा गरीब किसानों और पात्र व्यक्तियों तक पहुंच नहीं सका। सभी पैसे का जमकर दुरुपयोग किया गया।
 
शाह ने कहा कि उत्तरप्रदेश की जनता को सपा सरकार को उखाड़कर फेंक देना चाहिए और साफ-सुथरी छवि वाली भाजपा को मौका देना चाहिए। उत्तरप्रदेश में अच्छे दिन आएंगे, जब 11 मार्च को 1 बजे सपा की सरकार खत्म हो जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही उत्तरप्रदेश में कत्लखाने उसी रात को 12 बजे से बंद हो जाएंगे ताकि गोहत्या बंद हो जाए। भाजपा प्रदेश में निरीह गोवंशी के खून का खेल नहीं होने देगी बल्कि उनके दूध की नदियां बहेंगी। प्रदेश में 40 डेरी, 50 मेडिकल कॉलेज और 80 इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे ताकि प्रदेश के लोगों को रोजगार मिल सके। खेती के लिए कर्ज ब्याज मुक्त दिया जाएगा। भाजपा सरकार बगैर जाति-धर्म पूछे युवाओं को लैपटॉप देगी। मोदी ने तय किया है कि जिसके नंबर ज्यादा होंगे उसको घर में बैठकर नियुक्ति पत्र (एपॉइंटमेंट लेटर) मिल जाएगा। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
उप्र विस में 5वें चरण के लिए शनिवार को थम जाएगा प्रचार