Daily Horoscope
Mon, 9 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. विधानसभा चुनाव 2017
  3. उत्तरप्रदेश
  4. UP election: Priyanka-Dimple campaign against Modi

प्रियंका और डिंपल मिलकर देंगी मोदी को जवाब

UP election
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कड़ा जवाब देने के लिए कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा अब रायबरेली की सभा के बाद समाजवादी पार्टी की नेता और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के साथ मिलकर चुनाव प्रचार को गति देने के लिए संयुक्त सभा करने की योजना बना रही हैं।
 
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ लखनऊ में जिस तरह 2 बार संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था उसी तरह कांग्रेस प्रियंका और डिंपल को एकसाथ मंच पर उतारना चाहती है ताकि जनता को अधिक से अधिक आकर्षित किया जा सके। 
 
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल और अखिलेश की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का दोनों दलों को बहुत फायदा मिला था। इसी तरह पार्टी चाहती है कि इन दोनों महिलाओं को उतारकर गठबंधन को मजबूत बनाया जाए। दोनों महिला नेताएं अपनी सभा में भीड़ को आकर्षित कर रही हैं।
 
सूत्रों का कहना है कि आजमगढ़ एवं पूर्वांचल के इलाके में प्रियंका और डिंपल संयुक्त रैली कर सकती हैं। रायबरेली में प्रियंका ने जिस तरह मोदी पर निशाना साधा है, उससे पता चलता है कि प्रियंका इस गठबंधन को और आक्रामक बनाकर जनता को अपनी ओर आकर्षित कर सकती हैं।
 
रविवार को उत्तरप्रदेश के तीसरे चरण का मतदान होने के बाद यह गठबंधन चौथे चरण पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहा है। राज्य में 7 चरणों में मतदान होना है और अभी केवल 2 चरण ही हो पाए हैं।
 
सूत्रों का कहना है कि महिला नेता के चुनाव प्रचार में उतरने से मतदाता उनकी बातों को ध्यान से सुनते हैं। भाजपा के साथ हेमामालिनी और उमा भारती स्टार प्रचारक हैं लेकिन वे उतनी प्रभावशाली वक्ता नहीं हैं इसलिए डिंपल और प्रियंका उन पर भारी पड़ती हैं। डिंपल भी जहां-जहां प्रचार कर रही हैं, जनता उनकी बात सुनने के लिए आ रही है, प्रियंका का जादू तो अभी भी बरकरार है ही।
 
उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रमुख राज बब्बर कह चुके हैं कि प्रियंका 150 सीटों के लिए चुनाव प्रचार कर सकती हैं। (वार्ता)