शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023
  4. 88 percent voting in Tripura on Thursday
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2023 (15:10 IST)

Tripura Assembly Election : त्रिपुरा में गुरुवार को हुआ 88 प्रतिशत मतदान, मनु सीट पर सर्वाधिक 92.09 प्रतिशत

Tripura Assembly Election : त्रिपुरा में गुरुवार को हुआ 88 प्रतिशत मतदान, मनु सीट पर सर्वाधिक 92.09 प्रतिशत - 88 percent voting in Tripura on Thursday
अगरतला। त्रिपुरा विधानसभा की 60 सीटों के लिए गुरुवार को करीब 88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और चुनाव कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मनु सीट पर सर्वाधिक 92.09 प्रतिशत मतदान हुआ है।
 
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुभाशीष बंदोपाध्याय ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए औसतन 87.63 प्रतिशत मतदान हुआ और गुरुवार रात 8.30 या 9 बजे तक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
 
उन्होंने बताया कि राज्य में पंजीकृत कुल 28.14 लाख मतदाताओं में से करीब 24.66 लाख ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा के 89.38 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था जबकि वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक 93 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था।
 
अधिकारी ने बताया कि बारदौली निर्वाचन क्षेत्र जहां से मुख्यमंत्री माणिक साहा उम्मीदवार हैं और कांग्रेस प्रत्याशी आशीष कुमार साहा को चुनौती दे रहे हैं, वहां पर सबसे कम करीब 80 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि दक्षिणी त्रिपुरा की मनु सीट पर सबसे अधिक 92.09 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को कई सीटों पर 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
 
अधिकारी के मुताबिक सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को 36 स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है और 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को मतगणना के लिए 3 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
 
पुलिस महानिरीक्षक जीके राव ने गुरुवार को बताया था कि कुछ इलाकों की छिटपुट घटनाओं को छोड़ मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा। 5 लोग घायल हुए है और 6 लोगों को 5 प्राथमिकियों में गिरफ्तार किया गया है।
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग और सुरक्षा बलों को भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस ने भी मतदाताओं को प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
दिमापुर में पीएम मोदी बोले- ATM नहीं, अष्ट लक्ष्मी हैं पूर्वोत्तर के 8 राज्य