1. खेल-संसार
  2. टी-20 विश्व कप 2021
  3. टी-20 विश्व कप न्यूज
  4. Jos Buttler powers England to a 8 wicket win over Australia

जॉस बटलर के तूफान में उड़े कंगारु, 32 गेंदों में 71 रनों की पारी के कारण इंग्लैंड 8 विकेट से जीता

जॉस बटलर
दुबई:ऑस्ट्रेलिया द्वारा दिया गया 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने यह बता दिया कि वह क्यों टी-20 रैंकिंग में नंबर 1 टीम हैं। पहले 6 ओवर में ही टीम ने आधे रन बना लिए थे और 12वें ओवर में ही सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इसका कारण रहे जॉस बटलर जिन्होंने 32 गेंदो में 5 चौके और छक्के लगाकर मैच में ऑस्ट्रेलिया को कभी वापस आने ही नहीं दिया और यह मैच इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीत लिया।
इंग्लैंड ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर की 32 गेंद में पांच चौके और पांच छक्कों से सजी 71 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी से शनिवार को यहां आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप के सुपर 12 चरण के ग्रुप एक मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया को 50 गेंद रहते आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर तीसरी जीत दर्ज की।

बेहतरीन फार्म में चल रही इंग्लैंड की टीम छह अंक लेकर ग्रुप एक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है जिससे उसका नेट रन रेट + 3.95 हो गया है और उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग पक्का है।ऑस्ट्रेलियाई टीम इस करारी हार के बाद दूसरे स्थान से खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है और चार अंक से उनका नेट रन रेट -0.627 हो गया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम खराब शुरूआत के बाद 20 ओवर में 125 रन पर सिमट गयी। उसके लिये कप्तान आरोन फिंच ने मुश्किल परिस्थितियों में 44 रन की पारी खेली और एशटन एगर (20) के साथ छठे विकेट के लिये 47 रन की साझेदारी कर यह स्कोर बनाने में मदद की।

इंग्लैंड ने बटलर और जेसन रॉय (22 रन) द्वारा की गयी शानदार शुरूआत से 11.4 ओवर में दो विकेट पर 126 रन बनाकर जीत दर्ज की।बटलर ने एडम जम्पा पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ जॉनी बेयरस्टो 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
इंग्लैंड ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाये 66 रन बना लिये थे। जम्पा ने अपने ही ओवर में इसी स्कोर पर जेसन रॉय (20 गेंद, एक चौका, एक छक्का) को पगबाधा आउट कर दिया।डेविड मलान (08) 10वें ओवर में एगर की गेंद पर विकेटकीपर को कैच देकर आउट हुए।

बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद आस्ट्रेलिया की शुरूआत काफी खराब रही। उसने दूसरे, तीसरे और चौथे ओवर में क्रमश: डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल के विकेट गंवा दिये जिससे पावरप्ले में उसका स्कोर तीन विकेट पर 21 रन था।