गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Share market crash sensex falls by 1769 points
Last Updated : गुरुवार, 3 अक्टूबर 2024 (16:26 IST)

पश्चिम एशिया में तनाव से शेयर बाजार में भूचाल, BSE पर 10 लाख करोड़ बर्बाद

पश्चिम एशिया में तनाव से शेयर बाजार में भूचाल, BSE पर 10 लाख करोड़ बर्बाद - Share market crash sensex falls by 1769 points
Share market crash : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से भारतीय शेयर बाजार में भूचाल आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में चौतरफा गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 1,769 अंक का गोता लगाते हुए 82,497 और एनएसई निफ्टी 547 अंक फिसलकर 25,250 पर बंद हुए। बाजार में आई भारी गिरावट की वजह से बीएसई पर लगभग 10 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप बर्बाद हो गया।
 
बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 9.92 लाख करोड़ रुपए घटकर 464.94 लाख करोड़ रुपए रह गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एमएंडएम, एलएंडटी और भारती एयरटेल के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई। 
 
ऐसी रही बाजार की चाल : सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,264 अंक की गिरावट के साथ 83,002 अंक पर और निफ्टी 345 अंक फिसलकर 25,451.60 अंक पर था। हालांकि कुछ ही देर में यह गिरावट से काफी हद तक उबर गया। सुबह 10.10 मिनट पर सेंसेक्स 811 अंकों की गिरावट के साथ 83,455 पर था। जबकि निफ्टी 264 अंक गिरकर 25,533 पर पहुंच गया।
 
दोपहर 11.50 बजे सेंसेक्स 1321 अंक गिरकर 82,945 पर पहुंच गया। इस समय निफ्टी भी 393 अंक गिरकर 25,405 पर था। इसके बाद भी बाजार में गिरावट का दौर नहीं थमा। एक समय सेंसेक्स में 1800 से ज्यादा अंकों की गिरावट थी हालांकि बाजार बंद होते समय इसमें 1769 अंकों की गिरावट देखी गई।  
 
क्रूड की तेज चाल : मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव की वजह से प्रमुख उत्पादकों की आपूर्ति को खतरा होने की चिंताओं के बीच तेल की कीमतों में वृद्धि हुई। ब्रेंट क्रूड कुछ समय के लिए 75 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 72 डॉलर से ऊपर पहुंच गया। पिछले 3 दिनों में दोनों बेंचमार्क में लगभग 5% की वृद्धि हुई। इस वजह से भी भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दिखाई दी। 

रुपया 14 पैसे टूटा : घरेलू मुद्रा में भारी गिरावट अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और घरेलू शेयर बाजार में दो प्रतिशत से अधिक की भारी गिरावट के कारण हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.91 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 83.97 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 14 पैसे की गिरावट के साथ 83.96 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें
Rajasthan : पहले नवरात्र पर मंदिरों और शक्तिपीठों में उमड़े श्रद्धालु, किए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के इंतजाम