1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Sensex and Nifty saw marginal gains

Share Market : Sensex और Nifty में रही मामूली बढ़त

Bombay Stock Exchange
Share Market Update : अमेरिकी केंद्रीय बैंक के चेयरमैन के अहम संबोधन से पहले मिलेजुले वैश्विक रुझानों के बीच शुक्रवार को आईसीआईसीआई बैंक और भारती एयरटेल जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए।
 
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 33.02 अंक यानी 0.04 प्रतिशत बढ़कर 81,086.21 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बढ़त पर रहा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 169.93 अंक गिरकर 80,883.26 अंक के निचले स्तर पर आ गया था। बाद में यह 178.3 अंक उछलकर 81,231.49 अंक के उच्चस्तर पर पहुंच गया था, लेकिन अंत में इसने बढ़त गंवा दी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 11.65 अंक या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 24,823.15 अंक पर बंद हुआ। यह निफ्टी का बढ़त का लगातार सातवां सत्र रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, सन फार्मास्युटिकल, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और जेएसडब्ल्यू स्टील लाभ में रहीं।
 
दूसरी तरफ टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, टाइटन, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रही। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के भाषण से पहले भारतीय सूचकांक सपाट स्तर के आसपास झूलते रहे और मिश्रित वैश्विक बाजार धारणा ने इस परिदृश्य को और अधिक तेजी दी।
नायर ने कहा कि निवेशक सावधानी बरत रहे हैं और नीतिगत ब्याज दर को लेकर अधिक जानकारी के लिए पावेल के संकेतों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एशिया के अन्य बाजारों में मिला-जुला रुख रहा जबकि यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,371.79 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,971.80 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.01 प्रतिशत बढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 147.89 अंक बढ़कर 81,053.19 अंक पर और एनएसई निफ्टी 41.30 अंक बढ़कर दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 24,811.50 अंक पर बंद हुआ था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Kolkata Doctor Case : आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितता, कलकत्ता हाईकोर्ट ने CBI को सौंपी जांच