मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. बाजार में रही तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 27 अगस्त 2021 (17:39 IST)

बाजार में रही तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर

Bombay stock exchange | बाजार में रही तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर
मुंबई। शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 175 अंक से अधिक चढ़कर नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। निफ्टी भी 68.30 अंक यानी 0.41 प्रतिशत मजबूत होकर अब तक के उच्चतम स्तर 16,705.20 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर नरम रुख के बीच टीसीएस, एल एंड टी और एचडीएफसी में तेजी से बाजार में मजबूती आई।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 175.62 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 56,124.72 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 68.30 अंक यानी 0.41 प्रतिशत मजबूत होकर अब तक के उच्चतम स्तर 16,705.20 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में अल्ट्राटेक सीमेंट रहा। इसके अलावा एल एंड टी, डॉ. रेड्डीज, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, टीसीएस और कोटक बैंक में भी प्रमुख रूप से तेजी रही।

दूसरी तरफ गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में इन्फोसिस, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, नेस्ले इंडिया और एचसीएल टेक शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई और सियोल लाभ में रहे, जबकि हांगकांग और टोक्यो में गिरावट रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.94 प्रतिशत मजबूत होकर 71.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।शेयर बाजार में उपलब्ध अस्थाई आंकड़े के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने गुरुवार को 1,974.48 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे।(भाषा)
ये भी पढ़ें
IT नियमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब