विश्व कैडेट कुश्ती में सोनू ने जीता रजत पदक
Publish Date: Tue, 5 Sep 2017 (22:42 IST)
Updated Date: Tue, 5 Sep 2017 (22:46 IST)
कृपाशंकर बिश्नोई (अर्जुन अवार्डी)
एथेन्स (ग्रीस)। यहां पर 4 से 10 सितम्बर तक आयोजित विश्व कैडेट (अंडर 17) कुश्ती चैम्पियनशिप में
भारत के सोनू ने रजत पदक जीतने में सफलता पाई है। भारतीय पहलवान सोनू को फाइनल में ईरान के मोहसिन मधानी से हारकर रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
भारत के सोनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार पांच मुकाबले जीतकर 58 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन खिताबी मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने से वंचित रह गए।
विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता कुश्ती की विश्व संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नए नियम के अनुसार हो रही है, जिसमें मुकाबले दो दिन चलेंगे। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने कुश्ती को आकर्षक बनाने के लिए हाल ही में यह नियम पारित किया था कि कुश्ती मुकाबले दो दिन चलाए जाएंगे, जिसमें पहले दिन मेडल राउंड में जाने तक के मुकाबले होंगे और दूसरे दिन मेडल राउंड के मुकाबले होंगे। यह प्रतियोगिता इस नियम को लेकर एक ट्रायल भी है।
पहले दिन ग्रीको रोमन में उतरे पांच पहलवानों में सिर्फ सोनू ही फाइनल में पहुंच पाए थे। उन्होंने पहले राउंड में फिनलैंड के इलियास जुहानी को 8-1 से हराया। उन्होंने प्री क्वार्टर फाइनल में रूस के सर्जेई चिगीरेव को 3-2 से पराजित किया।
सोनू ने क्वार्टर फाइनल में जार्जिया के जियार्जी शोताद्जे को 4-2 से पराजित किया और फिर सेमीफाइनल में जर्मनी के सैमुएल बेलेशेट को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
पिछले वर्ष ग्रीको में भारत को कोई पदक प्राप्त नहीं हुआ था। इस वर्ष भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। आज खेले गए मुकाबलों में भारत के आशु 69 किलो ग्रीको के फाइनल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
वहीं एक अन्य भारतीय पहलवान 42 किलो में अरशाद कांस्य पदक की दौड़ में शामिल हैं। दोनों भारतीय पहलवानों का मुकाबला कल स्वर्ण व कांस्य के पदक के लिए होगा।