सम्बंधित जानकारी
- जकार्ता एशियाई खेलों में विनेश फोगाट ने रचा स्वर्णिम इतिहास, भारत को दिलाया दूसरा स्वर्ण
- बजरंग और विनेश के पास कद बढ़ाने का मौका, सुशील और साक्षी की अग्निपरीक्षा
- युवती ने ठुकराई अरबों की संपत्ति, बनीं जैन साध्वी
- विश्व कुश्ती में दिखेगा भारतीय महिला पहलवानों का दम
- रेलवे ने अपने राष्ट्रमंडल स्वर्ण विजेताओं को दिए 25-25 लाख
जकार्ता एशियाड में भारत की 'बल्ले-बल्ले', विनेश फोगाट को सोना, निशानेबाजों की चांदी
जकार्ता। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता महिला पहलवान विनेश फोगाट ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 18वें एशियाई खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता के 50 किग्रा वर्ग में सोमवार को स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया जबकि निशानेबाजों दीपक कुमार और लक्ष्य श्योरण ने रजत पदक हासिल किए।
भारत के खेलों के दूसरे दिन तक 2 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 5 पदक हो गए हैं और वह पदक तालिका में 8वें स्थान पर है। एशियाई महाशक्ति चीन हर बार की तरह 15 स्वर्ण, 11 रजत और 9 कांस्य सहित 35 पदक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है।
विनेश ने भारत को इन खेलों में दूसरा स्वर्ण और कुश्ती का भी दूसरा स्वर्ण दिलाया। विनेश इसके साथ ही एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गईं। बजरंग पूनिया ने कल इन खेलों में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। विनेश ने 50 किग्रा के फाइनल में जापान की इरी यूकी को 6-2 से पराजित किया।
भारतीय निशानेबाजों दीपक कुमार और लक्ष्य श्योरण ने क्रमश: पुरुष 10 मीटर एयर राइफल और पुरुष ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक हासिल किए। भारत ने इस तरह निशानेबाजी में 2 दिन में 3 पदक हासिल कर लिए हैं लेकिन उसे अभी तक निशानेबाजी में स्वर्ण पदक नहीं मिला है। पहले दिन निशानेबाजी में अपूर्वी चंदेला और रवि कुमार की जोड़ी ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य जीता था।
गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए मेजबान इंडोनेशिया को 17-0 से रौंद दिया लेकिन 7 बार की चैंपियन और विश्व विजेता भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को कोरिया के हाथों 23-24 से सनसनीखेज पराजय का सामना करना पड़ा। गत चैंपियन महिला कबड्डी टीम ने अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। महिला टीम ने थाईलैंड को 33-23 से हराया।
भारतीय पुरुष और महिला बैडमिंटन टीमों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और दोनों क्वार्टर फाइनल में हारकर पदक होड़ से बाहर हो गईं। महिला टीम को शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान के हाथों 1-3 से हार झेलनी पड़ी जबकि पुरुष टीम मेजबान इंडोनेशिया के हाथों क्वार्टर फाइनल में 1-3 से हार गई।
कुश्ती में ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक (62), पूजा ढांडा (57) और पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवान सुमीत (125) ने बेहद निराश किया और उन्हें कांस्य पदक मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। (वार्ता)
