रविवार, 13 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Saina Nehwal to marry P Kashyap on December 16
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 26 सितम्बर 2018 (18:32 IST)

'मिश्रित युगल' के पार्टनर साइना नेहवाल और पी कश्यप बनेंगे 'लाइफ पार्टनर', दिसम्बर में होगा विवाह

Saina Nehwal
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन की स्टार और ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल पुरुष शटलर परूपल्ली कश्यप के साथ जिंदगी का 'मिश्रित युगल' मैच खेलने जा रही हैं। जैसे ही लोगों को साइना की शादी का पता चला, उन्होंने सोशल मीडिया पर बधाईयों का तांता लगा दिया। हालांकि खुद साइना ने पी. कश्यप के साथ कोई भी तस्वीर साझा नहीं की है।
 
 
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार पूर्व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता 32 वर्षीय कश्यप तथा 28 वर्षीय साइना इस वर्ष दिसंबर में विवाह बंधन में बंध सकते हैं। बताया जा रहा है कि शादी इस वर्ष 16 दिसंबर को हो सकती है, जिसमें करीबी 100 मेहमान हिस्सा लेंगे जबकि 21 दिसंबर को रिसेप्शन दिया जाएगा।
 
वर्ष 2005 से ही पुलेला गोपीचंद अकादमी में ट्रेनिंग कर रहे साइना और कश्यप पिछले 10 वर्षों से रिश्ते में हैं। इस वर्ष गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी साइना ने कश्यप का जिक्र करते हुए कहा था कि कश्यप ने उन्हें जीतने के लिए बहुत प्रेरित किया था। साइना ने गोल्ड कोस्ट में पीवी सिंधू को हराकर महिला एकल का स्वर्ण पदक जीता था।
 
28 वर्षीय साइना ने अपने करियर में अब तक 20 बड़े  खिताब जीते हैं जिसमें लंदन ओलंपिक का एकल कांस्य तथा विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक शामिल हैं। वहीं पुरुषों में स्टार खिलाड़ियों में शामिल कश्यप विश्व में छठी रैंक तक पहुंच चुके हैं, हालांकि चोट के बाद उनके प्रदर्शन और रैंकिंग में गिरावट आई है। 
 
साइना फिलहाल कोरिया ओपन में खेल रही हैं। तीन बार की राष्ट्रीय चैंपियन और पूर्व नंबर एक साइना ने हाल ही में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।
ये भी पढ़ें
जूनियर टेबल टेनिस खिलाड़ियों को पहली बार मिलेगा विदेशी कोच