बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Professional Wrestling League
Written By
Last Updated : गुरुवार, 24 जनवरी 2019 (23:38 IST)

पेशेवर कुश्ती लीग में विनेश फोगाट ने मुंबई को हरियाणा पर दिलाई जीत

पेशेवर कुश्ती लीग में विनेश फोगाट ने मुंबई को हरियाणा पर दिलाई जीत - Professional Wrestling League
ग्रेटर नोएडा। विनेश फोगाट ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां मुंबई महारथी को पेशेवर कुश्ती लीग (पीडब्ल्यूएल) में हरियाणा हैमर्स पर 4-3 से जीत दिलाई। 
 
 
हाल में लॉरेस पुरस्कार के लिए नामित हुई 24 वर्षीय स्टार पहलवान विनेश को महिलाओं के 53 किग्रा में हरियाणा हैमर्स की सीमा से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ने 12-2 से कुश्ती जीती और एक मुकाबला शेष रहते मुंबई को जीत दिला दी। इस जीत से मुंबई ने हरियाणा का विजय क्रम भी रोक दिया। 
 
इसके बाद पुरुषों के 57 किग्रा का अंतिम मुकाबला महत्वहीन रह गया था। इसमें विश्व अंडर-23 चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता रवि कुमार ने मुंबई के यूरोपीय अंडर-23 चैम्पियन इब्रागिम इल्येसोव को 13-9 से हराया लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हुआ।
 
इससे पहले शाम को पहले मुकाबले (पुरूष 65 किग्रा) में हरफूल ने बराबरी की टक्कर में हरियाणा हैमर्स के रजनीश को 5-2 से हराकर मुंबई महारथी को शुरुआती बढ़त दिलाई।
 
यूरोपीय चैम्पियनशिप की कांस्य पदकधारी तात्याना अमेल्चेनको ने अगला मुकाबला आसानी से जीतकर हरियाणा को बराबरी दिलाई। अजरबैजान की पहलवान ने महिलाओं के 62 किग्रा में मुंबई की शिल्पी यादव को 16-0 से करारी शिकस्त दी। 
 
अगली कुश्ती (पुरुष 86 किग्रा) में विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता अली शाबानोव ने रोमांचक भिड़ंत के बाद महारथी के दीपक पूनिया को 4-3 से हराकर हैमर्स को 2-1 से आगे कर दिया। 
 
यूरोपीय चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता जेनेथ नेमेत ने मुंबई को 2-2 की बराबरी दिलाई। हंगरी की इस पहलवान ने महिलाओं के 76 किग्रा में राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदकधारी किरन को 6-4 से हराया। 
 
रूसी पहलवान बैत्सीव व्लादिसिएव सुपर हैवीवेट (125 किग्रा) में उक्रेन के एलेक्जेंडर खोत्सिनिवस्की को 6-2 से हराकर मुंबई को जीत के करीब ले आए। पांच मुकाबलों के बाद मुबई 3-2 से आगे थी और अगली कुश्ती में उसकी स्टार विनेश ने जीत दर्ज करके अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी थी। 
ये भी पढ़ें
महेन्द्र सिंह धोनी डब्ल्यूडब्ल्यूई के रिंग में पहलवानों से करेंगे मुकाबला, जानिए क्या है इस खबर की सचाई...